चिटफंड कंपनी दफ्तर पर लगा ताला, ग्राहक परेशान
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला राजगढ़ में स्थित एक चिटफंड कंपनी के दफ्तर पर कई दिनों से ताला लटक रहा है। इससे पैसा जमा करने वाले ग्राहकों में बेचैनी बढ़ गई है। सोमवार को कई खाताधारक कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला सरनापुरमा निवासी अंकित अग्रवाल, सरिता, दिनेश, पंकज अवस्थी, महेंद्र सहित कई लोग सहर कोतवाली पहुंचे। अंकित अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शहर के मोहल्ला राजगढ़ निवासी अभिषेक वर्मा कंपनी के एजेंट थे। इन्हीं के मकान में कंपनी का कार्यालय खुला था। मोहल्ला शिवपुरी निवासी हरीश पटवा शाखा प्रबंधक थे। उन लोगों ने इसी कंपनी में अपना खाता खुलवाया था। अभिषेक जब पैसा लेने नहीं आता तो शाखा प्रबंधक का छोटा भाई पैसा लेने आता था। उन लोगों की पैसा जमा होने की अवधि कई दिन पहले पूरी हो चुकी है। वह जब पैसा वापस लेने जाते तो कंपनी के कार्यालय पर ताला पड़ा होता था। कुछ लोगों ने बताया कि कंपनी फ्रॉड कर भाग गई है। इस पर जब वह लोग सोमवार को गए तो फिर ताला पड़ा मिला। शहर कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।