बरेली। डीपीएस में खेली जा रही अंडर-14 इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता में कृष्णा पब्लिक स्कूल, डीपीएस, अकाल तख्त पूरनपुर और सेक्रेड हार्ट्स सेमीफाइनल में जगह बना ली। बुधवार को सेमीफाइनल के प्रवेश के लिए कांटे के मुकाबले हुए। डीपीएस, सेक्रेड हार्ट्स, अकाल तख्त, कृष्णा पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज कर खिताब के लिए कदम बढ़ा दिया है। सेमीफाइनल और फाइनल गुरुवार को खेले जाएंगे।
पहला मुकाबला मानस स्थली और सेक्रेड हार्ट्स के बीच हुआ। सेक्रेड हार्ट्स के आयुष सक्सेना ने 17वें मिनट में बेहतरीन गोल करके टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। कुछ मिनट बाद ही वैभव सिंह ने गोल दागकर सेक्रेड हार्ट्स को 2-0 से जीत दिला दी। दूसरे मुकाबले में कृष्णा पब्लिक स्कूल ने विपिन ग्रीन पार्क को 2-0 से हरा दिया। कृष्णा स्कूल की तरफ से सुभाष ने 7वें मिनट में और बाद में विकास यादव ने गोल करके टीम को 2-0 से जीत दिलाई। तीसरे मैच में डीपीएस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राधा माधव को 2-0 से हराया। डीपीएस की तरफ से आर्श जावेद और परमवीर ने गोल किए। चौथे मुकाबले में भिड़ंत अकाल तख्त पूरनपुर और हार्टमन कॉलेज के बीच हुई। इसमें अकाल तख्त ने 2-1 से जीत दर्ज की। हालांकि हार्टमन के यश ने मैच के 6वें मिनट में ही गोल करके टीम को बढ़त दिला थी, लेकिन अकाल के नवराज और शशांक ने लगातार गोल करके टीम को 2-1 से जीत दिला दी। एसआर इंटरनेशनल और सेक्रेड हार्ट्स के बीच हुआ पांचवें मुकाबले का परिणाम टाई ब्रेकर से निकला। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ में वैभव ने गोल करके सेक्रेड हार्ट्स को 1-0 से लीड दिलाई। 29वें मिनट में एसआर के आर्यन शर्मा ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। बाद में नतीजा टाई ब्रेकर से निकला। इसमें सेक्रेड हार्ट्स ने 5-3 से हरा दिया। इसके साथ ही कृष्णा स्कूल, डीपीएस, अकाल तख्त और सेक्रेड हार्ट्स सेमीफाइनल में पहुंचे। गुरुवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। डीपीएस के प्रधानाचार्य वीके मिश्रा ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं। फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मून रॉबिन्सन, सर्वेश यादव, विमल मिश्रा, कौशल पाल और पवन कश्यप आदि मौजूद रहे।