जलालाबाद। भुगतान लेकर खमरिया से लौट रहे कोकाकोला कंपनी के सुपर स्टॉकिस्ट से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचों के बल पर 51 हजार रुपये लूट लिए। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ ब्रह्मपाल सिंह और कोतवाल रवि कुमार ने घटना की जांच पड़ताल की। बदमाशों की तलाश में कांबिंग कराई गई लेकिन कुछ पता नहीं लगा।
जलालाबाद कस्बे में बारहपत्थर रोड निवासी कोकाकोला कंपनी के सुपर स्टॉकिस्ट जावेद खां बुधवार को गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के खमरिया से भुगतान लेने गए थे। शाम करीब पांच बजे वह टाटा मैजिक से भुगतान लेकर घर लौट रहे थे। सनैया रोड पर गांव अमांपुर के पास पीछे से बाइक पर पीछे से आए तीन बदमाशों ने अपनी बाइक उनकी मैजिक के आगे लगाकर रोक लिया। इसके बाद एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाया और दूसरे ने उनकी जेब में रखे 51 हजार रुपये लूट लिए।
छीनाझपटी में जावेद का कुर्ता भी फट गया। इसके बाद बदमाश गांव मुजफ्फरनगर की ओर भागे तो जावेद ने मैजिक से उनका पीछा किया लेकिन पकड़ने में नाकाम रहे। फिर उन्होंने तहसीलदार अजय कुमार को फोन किया तो सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि कोतवाल रवि कुमार ने घटना संदिग्ध बताई है। उनका कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, मामले की जांच की जा रही है।