बरेली। जिले में सोमवार को भी कोरोना संक्रमण के 49 नए मामले सामने आए। इनमें चिकित्सक और पुलिस व स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया कि आईवीआरआई से सुबह 17 और रात आठ बजे 32 संक्रमितों की रिपोर्ट मिली। इसमें भोजीपुरा दोहना पीतमराय का एक युवक, गिरधरपुर का एक व्यक्ति, नवाबगंज आदर्शनगर पावर हाउस का एक व्यक्ति और एक महिला, नवाबगंज मुझैैना संतोष की दो महिलाएं और चार व्यक्ति, बड़ा बाजार का एक व्यक्ति, सीबीगंज रेलवे कॉलोनी के दो व्यक्ति, पुलिस लाइन का एक पुलिसकर्मी, जगतपुर की एक युवती, बड़ा बाजार के तीन युवक, सिद्धार्थ नगर इज्जतनगर की एक युवती, एक युवक, पीएचसी शेरगढ़ की एक स्वास्थ्यकर्मी, मोहनपुर का एक युवक, सुर्खा छावनी की एक महिला, सिटी सब्जी मंडी के पास की एक महिला, बड़ा बाजार का एक युवक और दो युवतियां, सीएचसी बिथरी चैनपुर के एक चिकित्सक, बड़ा बाजार की एक महिला, पुलिस लाइन का एक पुलिसकर्मी, आलमगरीरीगंज की एक युवती, क्रिस्टल कॉलोनी के संक्रमित का करीबी, उझानी (बदायूं) का एक मरीज, संजयनगर, सदर कैंट, आलमगीरीगंज, मठकी चौकी बांसमंडी, ख्वाजा कुतुब, माधवबाड़ी का एक-एक व्यक्ति और पूर्व संक्रमित के संपर्क में आने से मठ की चौकी का एक और दर्जी चौक के चार परिजन संक्रमित मिले हैं। ठिरिया निजावत खां हरी मस्जिद का एक युवक, हजियापुर की एक युवती, सनराइज कॉलोनी का एक व्यक्ति, गोसाई गौंटिया संजयनगर की एक महिला, संजयनगर का एक युवक संक्रमित मिला है।
पॉजिटिव के संपर्क में आए बगैर 47 लोग हुए संक्रमित
सिस्टम की लाचारी कहें या फिर जागरूकता का अभाव कि कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हालत यह है कि सोमवार को मिले 49 संक्रमितों में 30 ऐसे हैं, जो कभी भी किसी कोरोना संक्रमित के संपर्क में नहीं आए हैं। रविवार को मिली रिपोर्ट में भी 17 संक्रमित के किसी भी संक्रमित के संपर्क में आने की कोई जानकारी नहीं है। फील्ड एक्टिविटी के तहत इनके सैंपल लिए गए और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
संक्रमित के संपर्क में आने से परिजन संक्रमित
सोमवार को पूर्व में संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने से सात लोग पॉजिटिव आए हैं। इसमें मठ की चौकी, दर्जी चौक में पूर्व में मिले संक्रमितों के परिजन शामिल हैं। वहीं, हॉटस्पॉट एरिया में चल रही रैंडम सैंपलिंग के दौरान दस लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा निजी अस्पताल में इलाज कराने आए सांस रोग से ग्रसित उझानी (बदायूं) और गिरधरपुर बरेली का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। बदायूं के संक्रमित की सूचना वहां के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को दे दी गई है।
331 निगेटिव, सोमवार को लिए गए 255 सैंपल
सोमवार को आईवीआरआई से मिली 379 सैंपल की रिपोर्ट में 331 निगेटिव मिले हैं। वहीं, तीन सौ बेड अस्पताल में चल रही स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध मिले लोगों समेत मेडिकल मोबाइल यूनिट की ओर से 255 संदिग्ध संक्रमितों के सैंपल लेकर उन्हें होम क्वारंटीन कराया गया है। एक व्यक्ति की रिपोर्ट कारपोरेट लैब से पॉजिटिव मिली है। लिए गए सैंपल मंगलवार की सुबह जांच के लिए आईवीआरआई भेजे जाएंगे। अब तक जिले में 435 पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से 182 डिस्चार्ज, 17 की मौत, 233 सक्रिय मामले हैं।