डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का अपनी मांगों को लेकर चल रहा जनजागरण अभियान बुधवार को भी जारी रहा। पीडब्ल्यूडी गेट पर डिप्लोमा इंजीनियरों की मीटिंग में 48 सौ ग्रेड वेतनमान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। इसके बाद जनपदीय अधिवेशन में नई जिला कार्यकारिणी गठित की गई।
इसमें इंजीनियर विवेक शर्मा जिलाध्यक्ष और मुकेश चंद्रा को सचिव मनोनीत किया गया। मोहित कुमार गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गिरवर सिंह उपाध्यक्ष, अमित तेजान संगठन सचिव और हर्षित अग्रवाल लेखा संप्रेक्षक मनोनीत हुए। महासंघ मंडल अध्यक्ष जीएन सिंह परमार ने कहा कि सरकार डिप्लोमा इंजीनियरों की मांगों को नजरंदाज कर उनका आर्थिक उत्पीड़न कर रही है। इसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंजीनियर एचएच मिश्रा ने कहा कि अब मांगें पूरी न होने पर लड़ाई आर-पार की होगी। कार्यक्रम में जल निगम, पीडब्ल्यूडी, बीडीए, नगर निगम, सिंचाई और पॉवर कारपोरेशन इंजीनियर मौजूद थे।