बरेली। संजय नगर से सटी ब्रह्मपुरा बस्ती में प्लॉट बनवाकर रास्ता बंद कराने के मामले में शनिवार को मेयर उमेश गौतम और शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। बस्ती वालों की बात सुनने के बाद दोनों ने बिल्डर के प्रतिनिधि को बुलाया लेकिन कोई हल नहीं निकला। मगर बाद में दोनों पक्ष सोमवार को बैठकर निपटारा करने को तैयार हो गए।
बारादरी की ब्रह्मपुरा बस्ती के लोगों ने शुक्रवार को हंगामा किया था। यूपी 100 व बारादरी पुलिस बुला ली। बताया कि बस्ती का एक रास्ता श्मशान भूमि तक स्वीकृत है। बीच में तीन सौ मीटर के प्लॉट में पानी भरा होने से पूरा रास्ता नहीं बना था। नगर निगम से सड़क स्वीकृत कराकर सभासद ने यहां मिट्टी भी डलवाई थी। अब प्लॉट मालिक रास्ता बंद कर कॉलोनी बनाना चाहते हैं। चुनाव में भी जनप्रतिनिधि उनकी नहीं सुन रहे हैं, वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। इसके बाद शनिवार को मेयर एवं नगर विधायक संगठन पदाधिकारियों के साथ वहां पहुंचे और उनकी समस्या सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।