बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाओं को लेकर लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। पहले एक ही दिन सैन्य अध्ययन और सांख्यिकी की परीक्षा रख दी। अब प्रवेश पत्र में गड़बड़ी सामने आई है। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा के प्रवेश पत्र से एक विषय ही गायब है। इसको लेकर विश्वविद्यालय में कुलपति और परीक्षा नियंत्रक से शिकायत की गई है।
राजकीय महिला पीजी महाविद्यालय, रामपुर की छात्रा के पास बीए प्रथम वर्ष में हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, गृह विज्ञान और उर्दू विषय थे। यही परीक्षा फार्म में भरे गए, लेकिन जब प्रवेशपत्र डाउनलोड किया तो हिंदी साहित्य विषय इसमें से गायब था। ऐसी गड़बड़ियों के चलते दूरदराज के छात्रों को काफी परेशान होना पड़ रहा है कि वे परीक्षा दें या प्रवेशपत्र सही कराएं। इसको लेकर छात्रनेता इमरान अंसारी ने कुलपति और परीक्षा नियंत्रक से शिकायत करते हुए मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने बताया कि इससे पहले 26 फरवरी को बीएससी की सैन्य अध्ययन और सांख्यिकी की परीक्षा एकसाथ रख दी थी। इसके चलते तमाम छात्रों को एक विषय की परीक्षा छोड़नी पड़ी थी। विश्वविद्यालय की गलती का खामियाजा छात्रों को चुकाना पड़ा।