बरेली। मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस पोर्टल) पर मिली ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण करने में लापरवाही बरतने वाले 81 विभागों के अफसर डिफाल्टर घोषित किए गए हैं। इनमें पहले नंबर पर फरीदपुर के तहसीलदार हैं। इनके राजस्व से संबंधित 25 में से 18 आवेदन लंबित हैं। जिला कृषि अधिकारी दूसरे नंबर पर हैं, जिनकी 50 में से 15 और नगर आयुक्त तीसरे नंबर पर हैं, जिनकी 25 में से 11 शिकायतें लंबित हैं। डीएम ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले 81 अफसरों को फटकार लगाई है।
मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के अंतर्गत सीएम पोर्टल पर मिलने वाली ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण हर हाल में सप्ताह भर के अंदर करना होता है। मगर बीते कई महीनों से अफसर इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे। एडीएम प्रशासन और तहसील नवाबगंज के अलावा नवाबगंज नगरपालिका की 10, बहेड़ी तहसील की आठ, बहेड़ी में ही बिजली और ब्लॉक की 7-7 शिकायतें लंबित हैं। उप कृषि निदेशक, डीडीओ, एक्सईएन बिजली, बीडीओ दमखोदा, फरीदपुर, भदपुरा, उपायुक्त मनरेगा, ब्लॉक नवाबगंज, जिला महिला चिकित्सालय, एक्सईएन आरईएस, सीवीओ, चकबंदी अधिकारी फरीदपुर, एसपी ग्रामीण समेत 81 अफसर डिफाल्टर घोषित किए गए हैं। इनके दफ्तरों में 442 शिकायतें आईं। इनमें से 217 शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अंदर नहीं किया गया।
जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने इन अफसरों को डिफाल्टर घोषित करते हुए काम में लापरवाही बरतने पर सख्त चेतावनी दी है।