शाहजहांपुर। तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद सर्दी का कहर मंगलवार को भी जारी रहा। मौसम के तेवर सुबह से उतार-चढ़ाव भरे रहे। सोमवार शाम से आसमान पर हल्के बादल छाए रहने से रात में न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ गया। इसके बावजूद सुबह लोग बिस्तर छोड़कर बाहर निकले तो हाड़कपाऊ ठंड से उनकी कंपकपी छूट गई। हालांकि, बाद में धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन पछुआ हवा के सर्द थपेड़े उसकी गरमी को बेअसर करते रहे और दिन ढलने के बाद गलन बढ़ने से लोग फिर से घरों के अंदर कैद होने लगे।
मौसम के तेवर सोमवार को दोपहर बाद से बिगड़ने लगे थे। देर शाम बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवा चली तो पारा 1.7 डिग्री लुढ़क गया। पूरी रात बादल छाए रहने से मंगलवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 5.5 डिग्री हो गया, लेकिन सर्दी बदस्तूर कायम रही। सूर्योदय के दो घंटे बाद तक पछुआ हवा के वेग से धूप बेअसर रही। दोपहर को हवा धीमी पड़ने से धूप ने थोड़ी गरमाहट दिलाई, लेकिन सूरज के पश्चिमी क्षितिज की ओर बढ़ने के साथ सर्दी फिर से पांव पसारने लगी। वातावरण में घुली गलन से हवा नश्तर बनकर राह चलते लोगों को चुभती रही।
एसडीएम ने रैन बसेरा तथा अलाव का किया निरीक्षण
तिलहर। एसडीएम मोइन उल इस्लाम ने नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर में लगाए जा रहे अलाव और रैन बसेरे का औचक निरीक्षण करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि नगर के लगभग एक दर्जन सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। ब्यूरो