बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की प्रतियोगिताओं की लगातार दुर्दशा हो रही है। कॉलेज इन प्रतियोगिताओं में अपनी टीमें भेजने में दिलचस्पी जरा भी नहीं ले रहे। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार को गंगाशील आयुर्वेदिक कॉलेज की मेजबानी में विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत उद्घाटन मुकाबलों के तय हुई तीनों टीमों को वाकओवर देने के साथ हुई।
इस प्रतियोगिता का पहला मैच बरेली कॉलेज के मैदान पर आरपी डिग्री कॉलेज मीरगंज और जीबीपंत कछला की टीमों के बीच होना था। कछला से टीम न आने के कारण आरपी कॉलेज को वाक ओवर मिला। दूसरा मैच विश्वविद्यालय के मैदान पर खुसरो कॉलेज बरेली और अब्दुल रज्जाक जोया के बीच तय था, लेकिन इसमें खुसरो कॉलेज की टीम नहीं आई। गंगाशील एकेडमी में मुस्लिम डिग्री कॉलेज और राजकीय कॉलेज शाहजहांपुर के बीच मैच था। यहां भी शाहजहांपुर की टीम नहीं आई। अब मंगलवार को गंगाशील एकेडमी में वर्धमान कॉलेज बनाम हिंदू कॉलेज मुरादाबाद, बरेली कॉलेज में जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर बनाम सिद्धि विनायक और विश्वविद्यालय कैंपस में राम रतन रामपुर बनाम आरएमएल आंवला के बीच मुकाबला होगा। आयोजक नितिन ने बताया कि टीमें नहीं आ सकी। मंगलवार से सभी मुकाबले होंगे।