कंपनी के नकली रैपर में बेची जा रही नमकीन पकड़ी
शाहजहांपुर की एक कंपनी के कर्मचारियों ने मारा छापा
-धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां। शाहजहांपुर की एक कंपनी के ब्रांड के रैपर में नगर सहित आसपास के कई जिलों में नकली माल बेचे जाने की सूचना पर कंपनी के कर्मचारियों ने पुराना अस्पताल रोड स्थित महादेव ट्रांसपोर्ट पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में नकली माल बरामद हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने माल को कब्जे में लेकर कंपनी के एक कर्मचारी की तहरीर पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला शाहजहांपुर के रोजा अरसहिया में वीके होम सॉल्युशन के नाम से कुनाल अग्रवाल की रजिस्टर्ड कंपनी है, जिसमें परी नमकीन और कमला पसंद बेची जाती है। कंपनी के मोहित अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनकी कंपनी के ब्रांड का डुप्लीकेट माल पलिया में बिकने की सूचना मिली थी, जिसके बाद कंपनी के अन्य कर्मचारियों के साथ उन्होंने पुराना अस्पताल रोड स्थित महादेव ट्रांसपोर्ट पर छापेमारी की, तो यहां से सात कट्टे और कुछ लूज माल बरामद हुआ। आरोप है कि बरेली निवासी राजेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा उनकी कंपनी के नाम से डुप्लीकेट माल बनाया जा रहा था। उन्हीं की कंपनी का रैपर छपवाकर गलत तरीके से प्रयोग किया जा रहा है, जिसकी सप्लाई तहसील पलिया के साथ ही राजस्थान की मउआ तहसील तक की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला ने बताया कि कंपनी के लोगों की तरफ से तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है।