मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा भले ही विकास कार्यों और कानून की समीक्षा के नाम रहा हो, लेकिन उनके दौरे को सीधे तौर पर मिशन 2019 से जोड़कर ही देखा जा रहा है। चूंकि बदायूं को सपा का गढ़ माना जाता है। दो बार से लगातार यहां से सपा के सांसद है। भाजपा इस जुगत में है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा को हैट्रिक बनने से रोका जाए। इसलिए पार्टी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हो। भले ही उसे नए-नए प्रोजेक्ट की घोषणा करना पड़े।
रविवार को बैठक में जन प्रतिनिधियों ने जब सपाई किले को ढहाने का मुद्दा उठाया तो मुख्यमंत्री ने भी उन्हें विकास का जवाब विकास से देने की बात समझाई। पहले तो उन्होंने यह कहा कि भाजपा जनप्रतिनिधि सरकार के विकास कार्यों को जनता के बीच पहुंचा नहीं पा रहे है। दूसरा यह कि यहां से अच्छे प्रोजेक्ट बनाकर भेजें जाएं ताकि उस पर आगे विचार किया जा सके। भाजपा सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों जिले के विकास के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा हो सकती है। भाजपा विधायक इस बात को मान रहे हैं कि सीएम के दौरे के बाद से जिले की राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। विकास के मुद्दे पर ही लोकसभा चुनाव जीता जाएगा।
कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आदेशित कर दिया है कि वह मेहनत से कार्य करें। शासन की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास की गंगा बहेगी।
-महेश चंद्र गुप्ता, शहर विधायक
एक ही नारा सबका साथ, सबका विकास
सीएम के बदायूं दौरे से जिले में विकास को गति मिलेगी। दातागंज क्षेत्र में सरकार ने एक हजार करोड़ की परियोजना को लगाने का काम किया है। इससे बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।
-राजीव कुमार सिंह बब्बू भइया, विधायक दातागंज
हर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य होंगे। विधायकों ने जो भी मांग पत्र दिए हैं उन्हें सीएम ने स्वीकार किए हैं। यह बदायूं के लिए बड़े ही गौरव की बात है।
-कुशाग्र सागर, विधायक, बिसौली
विरोधी दल हैं परेशान
मुख्यमंत्री ने कह दिया है कि विधायकों ने जो भी मांगा है उसे पूरा किया जाएगा। इन विकास कार्यों का असर लोकसभा चुनाव में दिखने को मिलेगा।
-धर्मेंद्र शाक्य, विधायक शेखूपुर