टीबी की दवा खत्म
बच्चे बीमारी से ‘बेदम’
पिछले साल के मुकाबले बढ़े टीबी के 237 मरीज
बरेली। जिला क्षय रोग विभाग में बड़ों और बच्चों की दवा खत्म हो गई है। ऐसे में बच्चों की जान पर बन आई है। इनमें ज्यादातर बच्चे ऐसे गरीब परिवारों के हैं जो महंगी दवा नहीं खरीद सकते हैं।
जिला क्षय रोग विभाग में टीबी की दवाओं की किल्लत 15 दिन से बनी हुई है। जिले में 80 बच्चे टीबी से पीड़ित हैं। यह सभी गरीब परिवारों के हैं। उनके लिए मेडिकल स्टोर से दवा खरीदना संभव नहीं है। सूत्रों की मानें तो बच्चे दवा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं कि दवा कब तक आएगी। ऐसे में बच्चों की जान पर बन आई है। आंकड़ों के मुताबिक, 2017 के पहले तिमाही में टीबी मरीजों की संख्या 1481 थी जो 2018 में बढ़कर 1718 हो गई है, जबकि दवा पुराने मरीजों के हिसाब से ही आ रही है। हालांकि बच्चों का आंकड़ा नहीं बढ़ा है, लेकिन जो बच्चे पीड़ित हैं, विभाग उन्हें ही दवा मुहैया नहीं करा पा रहा है। जिले में मल्टी ड्रग रेजिस्टेंस (एमडीआर) के तीन हजार और (एक्सट्रीम ड्रग रेजिस्टेंस) एक्सडीआर के नौ मरीज हैं। जिला क्षय रोग अधिकारी एसके गर्ग अमेरिका गए हुए हैं, वर्तमान में चार्ज डॉ. केसी जोशी के पास है, लिहाजा क्षय रोग विभाग की सारी व्यवस्थाएं ही बेपटरी हैं।