महिला अस्पताल में तीन वर्षों से वेंटिलेटर फांक रहा धूल
बरेली। महिला अस्पताल का गुरुवार को एमएलसी वसीम बरेलवी और सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में बच्चों के इलाज के लिए एमएलसी वसीम बरेलवी की ओर से तीन वर्ष पहले दिए गए करीब 25 लाख रुपये के वेंटिलेटर का उपयोग न होने पर नाराजगी जताई। सीएमएस डॉ. अलका ने वेंटीलेटर संचालन के लिए प्रशिक्षित बाल रोग विशेषज्ञ की मांग की। सीडीओ ने जल्द ही बाल रोग विशेषज्ञों की बैठक बुलाकर शिफ्ट वाइज ड्यूटी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।
इसके अलावा एमएलसी एवं सीडीओ को महिला अस्पताल में महिलाओं के बैठने के लिए उपयुक्त जगह न होने और खान-पान का सामान बाहर से मंगाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने, सीएमएस को कैंटीन और विश्राम स्थल बनाने के लिए टीन शेड निर्माण का एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। परिसर में तीमारदार महिलाओं के लिए महिला शौचालय बनाने के भी निर्देश दिए हैं। इन सभी कार्यों का एस्टीमेट दस दिन में उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल में वेटिंग हाल, साफ-सफाई और आईसीयू का निरीक्षण किया। सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने बताया कि सीडीओ ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं।