बरेली। गोपनीय जानकारी मिलने पर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने हार्डवेयर, पेंट व प्लाईवुड कारोबारी के यहां छापामारी कर लाखों रुपये कीमत का सामान पकड़कर सीज कर दिया। छापा दल ने कारोबार संबंधी संदिग्ध कागजात भी अपने कब्जे में लिए हैं।
एडिशनल कमिश्नर एसपी सिंह ने एक गोपनीय सूचना मिलने पर प्रवर्तन दल को संजय नगर रवाना किया। टीम ने हार्डवेयर, पेंट व प्लाईवुड कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा डाला जहां उन्हें कुछ संदिग्ध कागजात मिले। उन कागजातों से संबंधित व्यापारी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाया।
जांच टीम ने व्यापार स्थल से कुछ ऐसे दस्तावेज पकड़े, जिनमें भारी मात्रा में बिक्री और उस पर देय कर छुपाए जाने का मामला प्रतीत हुआ। व्यापार स्थल पर लेखा बहियों में बाहर से लगभग 35 लाख रुपये के हार्डवेयर, प्लाई बोर्ड और पेंट का स्टॉक पाया गया। टीम ने स्टाक सीज और अभिग्रहीत कर व्यापारी की सुपुर्दगी में दे दिया। इस माल पर नियम अनुसार अर्थ दंड व कर जमा कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त अधिग्रहित अभिलेखों में भी भारी मात्रा में कर अपवंचन प्रकाश में आया है । जांच टीम का नेतृत्व संयुक्त आयुक्त आरके मौर्य ने किया।