बरेली। रोडवेज में संविदा चालक बनने के लिए युवा इच्छुक नहीं हैं। क्षेत्रीय कार्यशाला में बुधवार को आयोजित संविदा चालक भर्ती मेला में 410 पदों के सापेक्ष सिर्फ 29 अभ्यर्थी ही पहुंचे। पहले चरण की काउंसलिंग के बाद अब इनकी दूसरे और तीसरे चरण की काउंसलिंग की जाएगी।
परिक्षेत्र में बसों की संख्या में मुकाबले 400 चालकों की कमी है। तीन माह पहले भर्ती मेला में 265 अभ्यर्थी पहुंचे थे, लेकिन इनमें केवल 45 ही नियुक्ति पा सके। इसके बाद आयोजित किए जाने मेलों में अभ्यर्थियों की संख्या लगातार कम हो रही है। बुधवार को आयोजित मेले में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक इंतजार किया गया मगर सिर्फ 29 युवा ही पहुंचे। ऐसे में फिर से भर्ती मेला के आयोजन के लिए बाद में तारीख तय की जाएगी। संवाद
स्नातक किया है, भोजीपुरा से आया हूं। संविदा चालक भर्ती के लिए पहले ही आवेदन कर दिया था। आज दस्तावेजों की जांच आदि की गई है।-हरवीर सिंह
-
दसवीं पास करने के बाद आगे की पढ़ाई नहीं की। काफी समय से ड्राइविंग कर रहा हूं। अगर रोडवेज में संविदा पर नौकरी मिल जाती है तो भविष्य ज्यादा सुरक्षित होगा।-मुनेंद्र