बरेली। रामगंगानगर के आसपास के क्षेत्र में अगर आप निर्माण कराना चाहते हैं तो मानचित्र स्वीकृत कराते समय बीडीए उन्नत्ति प्रभार लेगा। हाल ही में हुई बीडीए बोर्ड की बैठक में इसके लिए मंजूरी भी मिल गई है। इसकी दर लगभग 400 रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी। अगर 100 वर्ग मीटर का भूखंड है तो करीब 40 हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
नकटिया नदी से बड़ा बाइपास के बीच बीसलपुर रोड, डोहरा रोड, अब्दुल्ला माफी गांव के आसपास का इलाका, एग्जीक्यूटिव क्लब रोड पर ब्रह्मपुत्र एन्क्लेव के निकट के क्षेत्र पर उन्नत्ति प्रभार लगाया गया है। इन क्षेत्रों में निजी भूखंडों पर भवन बनाने के लिए नक्शा पास कराते वक्त उन्नति प्रभार जमा करना होगा। बीडीए का 1600 रुपये प्रति वर्गमीटर डेवलेपमेंट चार्ज है। इसका एक चौथाई उन्नत्ति प्रभार लगाया गया है, क्योंकि बीडीए ने इन क्षेत्रों में सड़क, सीवर और पाइप लाइन आदि मूलभूत सुविधाओं को विकास किया है। इससे वहां निजी संपत्तियों की कीमत बढ़ गई है। बीडीए सचिव योगेंद्र कुमार ने यह जानकारी दी है। ब्यूरो