बरेली। परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो के बेड़े से 40 पुरानी बसों को बाहर किया जाएगा। इनके स्थान पर नई बसें मिलेंगी। रोडवेज मुख्यालय ने नीलामी के लिए परिक्षेत्र से ऐसी बसों की सूची मांगी है। पुरानी बसों की संख्या 100 से ज्यादा है। इन बसों को क्रमवद्ध तरीके से हटाया जाएगा। इनके स्थान पर ई-बसों को शामिल किया जाएगा।
रोडवेज के बेड़े का दो साल से उच्चीकरण किया जा रहा है। अब तक 300 से ज्यादा आधुनिक बसें मिल चुकी हैं। एसी बसों की संख्या भी 32 से बढ़कर 56 हो गई है। इसके बाद भी पुरानी बीएस-2 श्रेणी की बसें अभी बाकी हैं। इन बसों की मरम्मत पर भी काफी खर्च होता है। इसके बाद भी यह गाड़ियां अक्सर रास्ते में खड़ी हो जाती हैं।
पुरानी बसों का माइलेज भी खराब है। ऐसे में समयसीमा और किलोमीटर पूरे कर चुकीं बसों को बेड़े से हटाया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि चारों डिपो में समयसीमा पूरी कर चुकीं बसों को नीलामी के लिए भेजा जाएगा। इनके स्थान पर नई बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा।