मीरगंज। क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। शाही थाना क्षेत्र के वलीनगर निवासी फुरकान रजा खां ने बोटाल्फा क्रॉस मार्केट माइन क्रिप्टो कंपनी के प्रबंधक समेत तीन लोगों पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, चंडीगढ़ के कंपनी के प्रबंधक लविश चौधरी, दिल्ली निवासी मोहम्मद राजा और रितेश कुमार ने उसे और उसके परिचितों को कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि निवेश की गई मूल रकम पर सात प्रतिशत मासिक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया गया। इसी झांसे में आकर पीड़ित ने 25 जून 2023 को कंपनी के खाते में ऑनलाइन माध्यम से 10 हजार रुपये जमा किए। इसके बाद कंपनी से जुड़कर लगातार निवेश किया और अपने परिचितों से भी रकम लगवाई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित और उसके परिजनों व परिचितों ने मिलकर कंपनी में करीब 40 लाख रुपये जमा किए। कुछ समय बाद कंपनी का कामकाज बंद हो गया। आरोप है कि 14 जून को फोन पर संपर्क करने पर भी रकम लौटाने के बजाय धमकाकर पैसे भूल जाने की बात कही गई।
सीओ अजय कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला पंजीकृत किया गया है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद