बरेली। परिषदीय स्कूलों में 397 नवनियुक्त शिक्षकों ने सोमवार को बीएसए दफ्तर पहुंचकर ज्वाइनिंग ले ली। हालांकि अभी इन टीचरों को स्कूलों को आवंटन होना बाकी है। यह प्रक्रिया भी एक सप्ताह में पूरी होने की संभावना है। इन नए अध्यापकों के ज्वाइन कर लेने से परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक कम हो जाएगी।
परिषदीय स्कूलों के 490 शिक्षकों का चयन हुआ था। बुधवार को 420 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र आवंटित हुए थे। अन्य अभ्यर्थियों के कागज में कुछ कमियां निकलने से फिलहाल उनके नियुक्ति पत्र जारी करने से रोक दिए गए है। सोमवार को बीएसए आफिस में सभी 397 नवनियुक्त शिक्षकों को ज्वाइनिंग दी गई। इस दौरान बीएसए कार्यालय के बाहर काफी भीड़भाड़ रही। ज्वाइनिंग लेटर देने के लिए विभागीय स्टाफ को भी मशक्कत करनी पड़ी। बीएसए विनय कुमार ने बताया कि सोमवार को वह बाहर गए थे। नवनियुक्त टीचरों को जल्द ही स्कूलों का आवंटन कर दिया जाएगा।