जनभागीदारी के बिना अंकुश मुश्किल
एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज मिलने पर संबंधित क्षेत्र में केस आधारित गतिविधियां कराई जा रही हैं। बुखार के मरीजों का सर्वे और स्क्रीनिंग, फॉगिंग, लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
जलभराव वाले स्थानों और नालियों की सफाई के लिए पंचायती राज और नगर विकास विभाग से समन्वय किया जा रहा है। हालांकि, इन गतिविधियों के साथ लोगों का सहयोग मिले तो डेंगू पर प्रभावी अंकुश लग सकता है। क्योंकि डेंगू का मच्छर घरों में भी पनपता है, इसलिए लोगों को भी खुद जागरूक होना पड़ेगा।
सीएचसी फतेहगंज पश्चिमी में गैरहाजिर मिले दो कर्मचारी, परिसर में कचरा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहगंज पश्चिमी में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवा खामियों से घिरी मिलीं। फैमिली प्लानिंग काउंसलर सुनीता सक्सेना और फिजियोथेरेपिस्ट समीउद्दीन अनुपस्थित मिले।
अस्पताल में सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। चिकित्सालय के सभी पंखे गंदे पाए गए। सीएमओ ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। दवाओं की उपलब्धता की जांच में आवश्यक दवा सूची (ईडीएल) की 249 दवाओं के सापेक्ष 219 प्रकार की दवा उपलब्ध मिलीं। औषधि भंडार में रखी पैरासिटामॉल टेबलेट का स्टॉक रजिस्टर से नहीं मिल सका।
सीएमओ ने स्टॉक रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक में मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने, अनुशासन बनाए रखने और अस्पताल में सफाई बनाए रखने को कहा। केंद्र पर मेडिकोलीगल मामले मेडलीपार एप पर अपडेट करने को कहा।