बरेली। ब्लैक स्पाट पर हादसे कम करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 38 करोड़ रुपये की लागत से सुधार के 24 कार्य प्रस्तावित किए हैं। शासन से स्वीकृति और बजट आवंटित होने के बाद कहीं सड़क की डिजाइन में सुधार कराया जाएगा तो कहीं संकेतक आदि लगाकर ब्लैक स्पॉट पर हादसों की आशंका को कम किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने पहली बार सड़क सुरक्षा के उपायों को अपनी कार्ययोजना में शामिल किया है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह के मुताबिक, रिछा-जहानाबाद मार्ग, धौराटांडा मार्ग, बदायूं रोड पर महेशपुर ठाकुरान, अलीगंज मार्ग पर, रामगंगा नदी के पुल और दीनपुर की पुलिया पर, बगिया चौराहा, पगरामपुर चौराहा, अटा कायस्थान बाइपास पर ब्लैक स्पॉट हैं। सीबीगंज क्षेत्र के मथुरापुर, किला पुल, सिटी सब्जी मंडी, सुभाषनगर चुंगी, बदायूं रोड स्थित गन्ना मिल, चौरासी घंटा मंदिर, कैंट क्षेत्र में राजघाट, हाफिजगंज, लभेड़ा तिराहा, नवाबागंज क्षेत्र में मिलक रोड, परधौली कट, विधुरिया स्थित ब्लैक स्पॉट पर भी हादसों का खतरा रहता है। इन सभी ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप, स्पीड टेबल, रंबल स्ट्रिप, ओवरहेड साइनबोर्ड, सोलर कैट आई, मीडियन मार्कर, कर्व स्टोन ट्री प्लेट, प्लेट ट्यूबलर मार्कर, थर्मो प्लास्टिक पेंट आदि कार्य प्रस्तावित हैं। ब्यूरो