बरेली। कोरोना संक्रमितों की तादाद के साथ ही जिले में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। शनिवार को तीन और संक्रमितों की मौत के बाद जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। शनिवार को मिली जांच रिपोर्ट में 37 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया कि विशाल सिटी के रहने वाले एलआईसी एजेंट में शुक्रवार को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। उधर, फरीदपुर के फर्रखपुर में गन्ना विभाग के संक्रमित सेवानिवृत्त कर्मचारी ने शुक्रवार शाम दम तोड़ दिया। इसके अलावा बिहारीपुर के एक गंभीर बीमार संक्रमित युवक की शनिवार देर रात मौत हो गई। सीएमओ और एसीएमओ के ऑफिस के अलावा महिला अस्पताल को भी सील कर दिया गया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम के ट्रू-नेट जांच में पॉजिटिव मिलने पर उन्हें एल-3 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में रहे कार्यालय के कर्मचारी और परिजन की भी सैंपलिंग कराई गई थी। इनमें उनके बेटे और स्टाफ के चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनके कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। सीएमओ कार्यालय भी 24 घंटे के लिए बंद किया गया। आईवीआरआई से मिली रिपोर्ट में दोहना पीतमराय के एक युवक, कटरा चांद खां के एक व्यक्ति, वंशी नगला मढ़ीनाथ के युवक, एजाजनगर गौंटिया के युवक, कालीबाड़ी के दो बुजुर्ग, हार्टमन कॉलोनी उत्सव वाटिका की महिला, इफ्को टाउनशिप के बुजुर्ग, डीएम कंट्रोल रूम के पांच कर्मचारी, शांतिविहार बदायूं रोड के युवक, मुंशीनगर के युवक, विश्वनाथपुरम के युवक, रामपुर गार्डन के व्यक्ति, बहेडी मोहल्ला रामलीला के दो किशोर, मल्लपुर सकरा के पांच वर्षीय बच्चे और महिला, रोहली टोला की युवती, चौपरा टंकी भोजीपुरा के व्यक्ति, मैकेनियर रोड की महिला और एक युवक, नवादा शेखान की युवती, मेडिकल कॉलेज के एक कर्मी, नवाबगंज चाणक्यपुरी के युवक, जुल्फिकार होली चौराहा के एक व्यक्ति, नवाबगंज के एक व्यक्ति और भैंरोपुर भीकमपुर की एक महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दो कर्मचारियों के संक्रमित मिलने के बाद महिला अस्पताल को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। सीएमओ और एसीएमओ ऑफिस भी सील किया गया है।
आईएमए के पूर्व अध्यक्ष भी मिले संक्रमित
तिलक कॉलोनी सुभाषनगर के रहने वाले आईएमए के पूर्व अध्यक्ष में भी शनिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुछ दिन पहले उनकी हृदय रोग संबंधी जांच की गई है। शुक्रवार को तबियत खराब होने पर उन्हें एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
एसीएमओ की खबर में जोड
कम सैंपलिंग होने पर भी जताई गई थी नाराजगी
शासन की ओर से चार सौ सैपलिंग प्रतिदिन करने का लक्ष्य भी एसीएमओ पूरा नहीं करा सके। तमाम निर्देशों के बाद भी जिले में सैंपलिंग दो से ढाई सौ के बीच प्रतिदिन पर टिकी रही। ऐसे में बीते दिनों शासन स्तर से हुई समीक्षा में भी सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। जिसपर कोई खास सुधार नहीं हुआ। माना जा रहा है कि एसीएमओ के ट्रांसफर की यह भी एक बड़ी वजह रही।