यूपी बोर्ड की परीक्षा में एसएन द्विवेदी इंटर कॉलेज हाफिजगंज में 35 साल का परीक्षार्थी 18 साल का बनकर रेगुलर हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा था। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने केंद्र पर छापा मारा तो यह खुलासा हुआ। इसके अलावा एसएम इंटर कॉलेज ईदजागीर में खामियां मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षा कार्यों से डिबार कर दिया गया।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुक्रवार को डीआईओएस ने 12 परीक्षा केंद्रों पर छापे मारे। भगवती इंटर कॉलेज में 13 परीक्षार्थी बिना रजिस्ट्रेश के परीक्षा दे रहे थे। लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज हरदुआ नवाबगंज में हाईस्कूल के विज्ञान के पेपर में सही के निशान लगे हुए पाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को चेतावनी जारी कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। एसएम इंटर कॉलेज ईदजागीर में टीम के आने की सूचना केंद्र पर पहले ही पहुंच चुकी थी। जैसे ही टीम पहुंची वहां एक आदमी गेट खोलने के लिए तैयार था। टीम के आने से पहले ही भौतिक विज्ञान के शिक्षक को आने से पहले ही हटा दिया गया। टाइम टेबल देखने पर पता चला कि वहां एक ही शिक्षक केमिस्ट्री, फिजिक्स और कॉमर्स पढ़ाता है। जब डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक से उस शिक्षक से मिलने के लिए कहा तो पता चला कि उसे पहले ही रिलीव किया जा चुका है। जब ऑर्डर पूछा तो वो दिखा नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को दस साल के लिए परीक्षा कार्यों से डिबार कर दिया है।
फैज-ए सकलैनिया के केंद्र व्यवस्थापक केंद्र पर नहीं पहुंचे
फैज-ए-आम सकलैनिया के केंद्र व्यवस्थापक केडीईएम के प्रवक्ता उमाशंकर देवल को बनाया गया था, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, इसलिए वह केंद्र पर ड्यूटी करने नहीं पहुंचे। वहां पर नियाज फातमा ही ड्यूटी करती रहीं। जबकि, उमाशंकर देवल के नाम से पहले ही आदेश जारी किया जा चुका था।