बीमारियों के मौसम में मरीजों को अपनी रिपोर्ट के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है। कभी- कभी तो मरीजों को भी वेटिंग दे दी जाती है। लेकिन अब एक साथ 35 लोगाें की जांच करने वाली मशीन जिला अस्पताल आ गई है। इसके माध्यम से दो घंटे के अंदर करीब 10 किस्म की जांचे एक साथ हो जाएंगी और रिपोर्ट भी तैयार मिलेगी।
शासन की ओर से भेजी गई मशीनों में फुली ऑटो एनालाइजर, सेमी ऑटो एनालाइजर, एचबी ए1सी, इलेक्ट्रोलाइट, ईएसआर और सेल काउंटर मशीन शामिल हैं। इन सभी मशीनों का अलग- अलग काम है। यहां होने वाली निशुल्क जांचों में अब पुरानी शुगर का भी पता चल जाएगा। साथ ही शरीर में सोडियम और पोटेशियम की स्थिति पता चलेगी। खतरनाक बीमारियों के साथ सेल्स की गिनती भी मशीनों से होगी। सबसे जरूरी मशीन ऑटो एनालाइजर है। पैथॉलजी के हेड डॉ. यूवी सिंह ने बताया कि 35 मरीजों की ब्लूबरिन व अन्य 10 तरह की जांचाें को एक साथ करने के लिए मशीन में सैंपल लगाएंगे। इसे स्टार्ट होने में 30 से 40 मिनट लगेंगे। ढाई घंटे बाद सभी जांच की रिपोर्ट सामने होगी। एडी एसआईसी डॉ. केएस गुप्ता ने बताया कि मशीनें आ गई हैं, कोशिश है कि सोमवार से काम शुरू करने की कोशिश रहेगी।