बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) की स्नातक की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होने जा रही हैं। इसके लिए 33 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं बरेली, बदायूं और पीलीभीत के विद्यार्थी देंगे। तृतीय व पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं बरेली मंडल के चारों जिलों के विद्यार्थी देंगे। मुरादाबाद मंडल के कॉलेजों में बैक परीक्षा वाले अभ्यर्थी शेष हैं, जो परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार रुविवि के करीब दो लाख 30 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव के मुताबिक, इस बार 33 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। अन्य केंद्र, इन नोडल केंद्रों पर विवि की ओर से जारी प्रश्नपत्रों के गोपनीय लिफाफों को प्राप्त कर सकते हैं। बरेली कॉलेज में आठ कॉलेजों का नोडल केंद्र बनाया है। गन्ना उत्पादक महाविद्यालय बहेड़ी में छह और खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 12 परीक्षा केंद्रों का नोडल केंद्र बनाया है। राजेंद्र प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मीरगंज में आठ, राजकीय महाविद्यालय फरीदपुर में दो, डॉ. राम मनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय आंवला में चार परीक्षा केंद्रों के नोडल केंद्र बनाए गए हैं।
इनके अलावा राजकीय महाविद्यालय बदायूं में 11, दमयंती राज आनंद राजकीय महाविद्यालय बिसौली में दो, एनएमएसएन दास कॉलेज में आठ केंद्रों के नोडल केंद्र निर्धारित हैं। पीलीभीत में उपाधि महाविद्यालय में नौ, राजकीय महाविद्यालय बीसलपुर में पांच और गन्ना कृषक महाविद्यालय में चार केंद्रों के नोडल केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, शाहजहांपुर में चार, मुरादाबाद में चार, अमरोहा में तीन, रामपुर में तीन, संभल में तीन और बिजनौर में चार नोडल केंद्र बनाए गए हैं।