बरेली। छठ पूजा से पहले ट्रेनों पर यात्रियों के दबाव के बीच रेलवे ने बरेली होकर एक-एक फेरे के लिए छह और ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन गाड़ियों का संचालन पंजाब, बिहार और पूर्वांचल के रूटों पर किया जाएगा। शुक्रवार को रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी। यह गाड़ियां 13 और 14 अक्तूबर को चलाई जाएंगी।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 04432 आनंद विहार-छपरा विशेष ट्रेन आनंद विहार से 13 नवंबर को रात नौ बजे चलने के बाद 1:25 बजे बरेली आएगी और अगले दिन दोपहर 2:30 बजे छपरा पहुंचेगी। 04434 गाजियाबाद-गोरखपुर विशेष ट्रेन गाजियाबाद से 13 नवंबर को रात 11:40 बजे चलने के बाद अगले दिन तड़के 4:13 बजे बरेली आएगी और दोपहर दो बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
04670 लुधियाना-कटिहार विशेष गाड़ी 14 नवंबर को लुधियाना से सुबह 6:30 बजे चलने के बाद अपराह्न 3:18 बजे बरेली जाएगी और अगले दिन दोपहर दो बजे कटिहार पहुंचेगी। 04672 छेहरटा-जयनगर विशेष ट्रेन 13 नवंबर को रात 10:22 बजे छेहरटा से चलने के बाद 14 नवंबर को सुबह 10:23 बजे बरेली आएगी और तीसरे दिन सुबह छह बजे जयनगर पहुंचेगी।
04532 चंडीगढ़-मऊ विशेष ट्रेन शुक्रवार रात 11:30 बजे चंडीगढ़ से चलने के बाद अगले दिन सुबह 7:42 बजे बरेली आएगी और रात 9:30 बजे मऊ पहुंचेगी। 04248 नई दिल्ली-वाराणसी विशेष ट्रेन शनिवार शाम छह बजे नई दिल्ली से चलने के बाद रात 22:27 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह नौ बजे वाराणसी पहुंचेगी।
12 ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म, 75 रुपये तक घट जाएगा किराया
बरेली। रेलवे ने 20 ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म कर दिया है। जनवरी के पहले सप्ताह से इन गाड़ियों को मेल-एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। यह गाड़ियां सुपरफास्ट के मानक औसत 55-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को पूरा नहीं कर रही थीं। सुपरफास्ट का दर्जा खत्म होने के कारण इन ट्रेनों में किराया 30 से लेकर 75 रुपये तक घट जाएगा। इससे यात्रियों की जेब पर बोझ कम होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इन गाड़ियों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म करने के लिए काफी समय से समीक्षा चल रही थी। रेलवे हर वर्ष ट्रेनों की समय सारिणी में बदलाव करता है।
इसके साथ ही नया टाइम टेबल लागू होने पर ट्रेनों की समयबद्धता और औसत रफ्तार की समीक्षा करता है। इसी आधार पर ट्रेनों को मेल-एक्सप्रेस और सुपरफास्ट का दर्जा दिया जाता है। जिन ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म किया गया है वह बरेली होकर गुजरने वाली दिल्ली, बिहार, पंजाब व उत्तराखंड रूटों की गाड़ियां हैं।
इन गाड़ियों में कम देना होगा किराया
टकनपुर-दिल्ली जंक्शन पूर्णागिरि जन शताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम सुपरफास्ट, दरभंगा-जालंधर सिटी सुपरफास्ट, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सुपरफास्ट, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस।
किराये के साथ नहीं लगेगा सुपरफास्ट सरचार्ज
सुपरफास्ट गाड़ियों के टिकट पर किराये के अलावा सुपरफास्ट सरचार्ज लिया जाता है। सुपरफास्ट का दर्जा खत्म होने के बाद इन नियमित ट्रेनों में किराया 75 रुपये तक कम हो जाएगा। स्लीपर श्रेणी में किराया 30 रुपये, एसी तृतीय, तृतीय एसी इकॉनमी, द्वितीय एसी और एसी चेयरकार में 45 रुपये तक किराया घट जाएगा। इसके अलावा एसी प्रथम और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में यात्रा के लिए 75 रुपये कम देने होंगे।
-
12 विशेष ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
बरेली। छठ पूजा के दौरान ज्यादातर नियमित ट्रेनों में नो रूम होने के बाद टिकट बुकिंग बंद हो गई है। कई विशेष ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। ऐसे में रेलवे ने अप-डाउन 12 विशेष ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 04014-13 आनंद विहार-लोहक बाजार विशेष ट्रेन में 14 से 24 नवंबर तक स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। 04028-27 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन में 17 से 21 नवंबर तक, 04668-67 अमृतसर-बरौनी विशेष ट्रेन में 22 से 24 नवंबर तक स्लीपर श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। 04616 फिरोजपुर-पटना विशेष गाड़ी में 17 नवंबर को एसी तृतीय श्रेणी के दो और 04615 पटना-फिरोजपुर विशेष ट्रेन में 18 नवंबर को एसी तृतीय श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। 04640-39 छेहरटा-मुजफ्फरपुर विशेष गाड़ी में 16 व 17 नवंबर को एसी तृतीय श्रेणी का एक-एक कोच व 14624-23 छेहरटा-वाराणसी एक्सप्रेस में 19 नवंबर तक एसी तृतीय श्रेणी का एक-एक कोच लगाया जाएगा।