बरेली। डीएम के निर्देश पर एडीएम एफआर ने एलन क्लब की जमीन की लीज के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। नगर निगम ने नजूल की जमीन पर बने एलन क्लब की लीज बीस साल पहले ही समाप्त होने की बात कहते हुए डीएम को उसे निरस्त करने की अनुमति देने के लिए चिट्ठी भेजी थी। करीब एक माह पहले मेयर उमेश गौतम ने भी लीज खत्म हो जाने के बाद एलन क्लब को सील करने के आदेश दिए थे, लेकिन बाद में इस कार्रवाई पर रोक लगा दी गई।
मेयर ने सिविल लाइंस में करीब तीन एकड़ की जमीन पर बने एलन क्लब की जमीन को वापस लेने के लिए डीएम को चिट्ठी भेजी थी। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि एलन क्लब की लीज 1998 में खत्म हो चुकी है। इसके बाद इसका नवीनीकरण भी नहीं कराया गया। बावजूद इसके क्लब की जमीन पर न केवल स्वीमिंग पुल बनाया गया, बल्कि शादी-बरात के आयोजन के लिए भी क्लब के ग्राउंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. के इस लेटर के बाद डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एडीएम वित्त मनोज कुमार पांडेय को इस मामले में जांच अधिकारी बनाते हुए उनसे एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा था। डीएम का कहना था कि नगर निगम के अधिकारियों ने एलन क्लब को लेकर जो दस्तावेज दिए हैं, उनकी जांच कराने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकरण को लेकर कोर्ट केस होने की स्थिति में कोई पेच न फंसे। इसलिए एडीएम फाइनेंस एलन क्लब की जमीन को वापस लेने से पहले तमाम कानूनी पहलुओं और डीड की पड़ताल कर रहे हैं। इसके लिए एलन क्लब से संबंधी दस्तावेज भी जुटा लिए गए हैं। यहां बता दें कि नगर निगम प्रशासन क्लब की जमीन को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल करने की योजना बना रहा है। इसलिए वह इस जमीन को वापस लेने में खास दिलचस्पी भी ले रहा है।
एलन क्लब की जमीन की जांच की जा रही है। कुछ रिकार्ड भी मांगे गए हैं। जल्द ही इस पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।
- मनोज कुमार पांडेय, एडीएम वित्त