बरेली। एमबीबीएस सल्पीमेंट्री, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, गृह विज्ञान, बीएससी कंप्यूटर साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी आर्नस, पैरामेडिकल, बीकॉम आर्नस और कंप्यूटर के परीक्षा फॉर्म 12 मार्च तक भरे जाएंगे। बीपीएड के छात्रों के परीक्षा फॉर्म भरने को हरी झंडी मिल गई है। अब तक उनके परीक्षा फॉर्म नहीं भरे गए थे, जिसको लेकर विश्वविद्यालय में कई बार हंगामा हो चुका है। बीपीएड शैक्षिक सत्र 2015-16, 17-18 के छात्र भी फार्म भर सकते हैं। इसके अलावा बीएड, एमएड, बीएलएड और एमएससी गृह विज्ञान और डिप्लोमा कोर्स के फॉर्म भी इन तिथियों में भरे जाएंगे। रेग्युलर के साथ इम्प्रूवमेंट फॉर्म, छूटी हुई प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षा व भूतपूर्व छात्र भी फॉर्म भर सकेंगे। फॉर्म की हार्ड कॉपी 13 मार्च तक कॉलेजों में जमा होगी। 15 मार्च तक फॉर्म विश्वविद्यालय में जमा होंगे।
बीएड और बीपीएड के प्रैक्टिकल ने बढ़ाई विवि की चिंता
बीपीएड और बीएड की परीक्षाओं से पहले होने वाले प्रैक्टिकल ने विश्वविद्यालय की चिंता बढ़ा दी है। पिछले वर्षों में दोनों ही कोर्स में प्रैक्टिकल को लेकर काफी उठापटक रही थी, इनमें ज्यादातर माननीयों के कॉलेज हैं, जो प्रैक्टिकल में भी परीक्षकों के बजाय अपनी चलाते हैं। एक कॉलेज में विश्वविद्यालय के एक सीनियर शिक्षक के साथ अभद्रता तक हो गई थी। कॉलेजों में मनमाने नंबर दिलाने का दबाव बनाया जाता है। इस बार कॉलेजों की मनमानी रोकने के लिए विश्वविद्यालय अभी से ही उन पर दबाव बनाने लगा है। कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को भी फोन करके जानकारी मांगी गई।