बरेली। एलन क्लब की लीज के मामले का हिसाब-किताब अब नए नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. करेंगे। शनिवार को नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव का ट्रांसफर होने के चलते बीडीए को 23 साल पुरानी फाइल लौटाने का पत्र नहीं भेजा जा सका। वहीं, बीडीए अफसरों का कहना है कि इतनी पुरानी फाइल के लिए नगर निगम रसीद दिखाए।
जम्मू-कश्मीर में हमले को लेकर बृहस्पतिवार को पूरे देश में गम का मौहाल था। मगर रात 12 बजे तक एलन क्लब में डीजे बज रहा था। इस पर नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने नाराजगी जताते हुए एसपी सिटी से कहकर डीजे बंद करा दिया। शुक्रवार सुबह उन्होंने एलन क्लब की फाइल तलब की तो पता लगा कि उसकी लीज खत्म हो चुकी है और 1996 में फाइल बीडीए में मंगा ली गई। इसके बाद बीडीए से फाइल नहीं लौटी। इस पर उन्होंने बीडीए को पत्र लिखकर फाइल मंगाने को कहा। मगर शनिवार को उनका ट्रांसफर हो गया, जिसके चलते वह ऑफिस में नहीं बैठे और बीडीए को पत्र नहीं भेजा जा सका। उन्होंने कहा कि अब नए नगर आयुक्त ही एलन क्लब का मामला देखेंगे। वहीं बीडीए अफसर कह रहे हैं कि 23 साल पुरानी फाइल ढूंढना आसान नहीं है। नगर निगम को इसकी रसीद दिखानी होगी।
बीडीए में अगर 23 साल पुरानी फाइल है तो नगर निगम उसकी रसीद दिखाए। इसके बाद ही एलन क्लब के मामले में कुछ बताया जा सकता है। अन्यथा इतनी पुरानी फाइल के बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। - आशीष शिवपुरी, चीफ टाउन प्लानर, बीडीए