बरेली। संजयनगर में काफी मशक्कत के बाद नगर निगम को जलभराव की समस्या दूर करने में कामयाबी मिली तो अब ठेकेदार की गलती से फिर जलभराव हो गया। मंगलवार को नगर निगम के अफसर मौके पर पहुंचे। बगैर ब्लॉकेज बनाए नाला खोलने से जलभराव होना पाया तो ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद निगम टीम ने दो मोटर लगाकर पानी निकासी कराई। शाम तक स्थिति सामान्य हो गई।
संजय नगर में नाला निर्माण चल रहा है। सोमवार को इसमें जलनिकासी बंद की गई थी। कुछ दूरी तक निर्माण होने के बाद पानी का प्रवाह आगे बढ़ाने के लिए नाला खोल दिया गया, लेकिन आगे कहीं ब्लॉकेज नहीं किया गया। इसके बाद नाला ओवरफ्लो होने से जलभराव होने लगा। लोगों को नाले की दुर्गंध और मलबे के बीच से गुजरना पड़ा। मंगलवार को मामले की जानकारी होने पर नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी, निर्माण विभाग के एई, जेई आदि अफसरों को मौके पर भेजा। अफसरों ने वहां से फोन पर ठेकेदार की खामी बताई तो वे खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेेकेदार को जमकर फटकारा और कार्रवाई की चेतावनी दी। आनन-फानन में ठेकेदार ने दो मोटर लगाकर पानी निकालने की शुरुआत कर दी। जलभराव खत्म होने तक और निर्माण कार्य की जानकारी देने के लिए नगर आयुक्त ने अफसरों को वहां मौजूद रहने के आदेश दिए। साथ ही आगे ऐसी गलती पर ठेकेदार को सख्त कार्रवाई की हिदायत दी है।
ठेकेदार को नाला निर्माण की तकनीकी जानकारी नहीं है। जिसके चलते उसने नाला को बगैर ब्लॉकेज किए ही खुला छोड़ दिया और जलभराव हो गया। अब स्थिति सामान्य है। - राजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर आयुक्त