कुलपति ने परीक्षा केंद्रों को चेक करके व्यवस्था परखी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एमएड और एमएमसी की प्रवेश परीक्षा 31.66 छात्र-छात्राओं ने छोड़ दी। विश्वविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। विश्वविद्यालय में बने परीक्षा केंद्रों का कुलपति ने भी निरीक्षण किया।
सुबह दस से बारह बजे तक एमएससी इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री और सुबह दस से एक बजे तक एमएड की प्रवेश परीक्षा हुई। इन परीक्षाओं को कराने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही बरेली कॉलेज, एसीएमटी और वर्धमान कॉलेज में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी सेंटरों पर 2972 छात्र-छात्राओं को परीक्षा देनी थी, लेकिन कोरोना की वजह से 941 यानी 31.66 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
एमएड की परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. केपी सिंह ने विश्वविद्यालय में बने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रश्नपत्रों के साथ कई छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं को भी चेक किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के स्टाफ को निर्देशित किया है कि वह कोरोना के प्रोटोकॉल का हर हाल में अनुपालन कराएं।
विश्वविद्यालय में खाली पड़े भवनों को भी देखा
विश्वविद्यालय में तमाम ऐसे भवन खाली पड़े हैं, जिनका कोई पुरसाहाल नहीं है। कुलपति ने ऐसे तमाम भवनों का निरीक्षण करने के बाद स्टाफ को निर्देशित किया कि वे इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार करके प्रस्तुत करें।