प्रदेश सरकार ने 14 वें वित्त आयोग में बरेली मंडल के लिए 1.9 अरब रुपये रिलीज कर दिए हैं। नए प्रधानों को अपने - अपने गांवों में विकास के लिए पहली बार यह धनराशि मिली है। इस राशि के इस्तेमाल होने पर ग्रामीणों की खास नजर है। लोग पहले से ही इंतजार लगाए हुए थे कि नए प्रधान गांव में क्या विकास कराएंगे और उनकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी। जबकि कुछ राशि पिछले वित्तीय वर्ष की ग्राम पंचायतों के खातों में अवशेष पड़ी हुई है।
निदेशक पंचायतीराज ने धनराशि को जारी करते समय निर्देश दिए हैं कि इसका इस्तेमाल भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार होगा। इस राशि को इस्तेमाल करने से पहले पंचायत में विकास के प्रस्ताव पास कराने होंगे। इसमें बरेली जिले के प्रधानों को विकास के लिए 31,63,58168 रुपये मिले हैं। जबकि बदायूं जिले की पंचायतों में विकास को 27,90,83,922 रुपये मिले हैं। पीलीभीत की ग्राम पंचायतों में विकास के लिए 22,85,16,537 रुपये तथा शाहजहांपुुर की ग्राम पंचायतों को विकास के लिए 27,0664341 रुपये मिले हैं।
पंचायतराज विभाग के अनुसार यह राशि 2011 की जनगणना के अनुसार ग्राम पंचायतों को विकास के लिए जारी की गई है। इस मानक के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत को कम से कम डेढ़ लाख तथा अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत को अधिकतम 15 लाख रुपये विकास के लिए मिलें हैं।