मरीज को खाना खिलाता चिकित्साकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
निगरानी और सैंपलिंग बढ़ाने के लिए प्रशासन ने की नई व्यवस्था
बरेली। कोरोना के संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने शहर में 29 क्लस्टर बना दिए हैं। इसमें कई कंटेन्मेंट एरिया शामिल किए गए हैं। यह नई व्यवस्था कंटेन्मेंट एरिया में रेग्युलर मॉनिटरिंग और कोरोना टेस्ट के लिए सैँपलिंग बढ़ाने के लिए की गई है। इसके अलावा ऐसे क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन पर भी रोक लगाने की तैयारी है।
कोरोना के केस में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में कंटेन्मेंट एरिया भी बढ़ रहे है। इसे देखते हुए प्रशासन ने एक ही जगह बने कई कंटेन्मेंट एरिया को मिलाकर एक क्लस्टर बना दिया है, ताकि उस पूरे एरिया में सर्विलांस टीम लगाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों के सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जा सके। डीएम नितीश कुमार का कहना है कि शहर में करीब 29 क्लस्टर बनाए गए हैं। इससे प्रशासन को भी इन इलाकों की निगरानी करने में आसानी होगी। इसके अलावा इन क्षेत्रों में आम लोगों की आवाजाही को रोका जाएगा।