बरेली। संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर धीमी गति से ही सही लेकिन बढ़ने लगा है। शनिवार को 60 नए केस मिलने की पुष्टि हुई। सीएमओ ने लोगों से एहतियात बरतने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।
एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के परिजन दिल्ली में ही रह रहे थे। एहतियातन जांच कराने पर उनके संक्रमित मिलने की सूचना मिली है। हालत स्थिर है। वहीं, शनिवार को 2660 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली। इसमें 60 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। जखीरा की डोमिनी मस्जिद, नवाबगंज, पंडारी, फरीदपुर में एक-एक, काशीपुर में दो, आलमगीरीगंज में तीन, सिविल लाइंस में दो, रुकमपुर, नई बस्ती, चंद्रगुप्त कॉलोनी, मानसिक अस्पताल, संजयनगर में एक-एक, डीडीपुरम, केशरपुर, आईटीबीपी के पास, मल्लपुर में एक-एक संक्रमित मिला है। कुछ अन्य इलाकों में संक्रमित मिले हैं।
कल से खोजे जाएंगे टीबी मरीज
बरेली। टीबी की रोकथाम और पीड़ित मरीजों को इलाज मुहैया कराने के लिए दो नवंबर से 11 नवंबर तक एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया जाएगा। क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसके गर्ग ने बताया कि अभियान के तहत 5,08,695 लोगों की जांच की जाएगी। 204 टीमें अभियान में मरीजों की जांच और खोजबीन करेंगी। टीबी मरीज मिलने पर उन्हें योजना के तहत पांच सौ रुपये प्रतिमाह इलाज चलने तक दिए जाएंगे। पांच टीमों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। ब्यूरो