भंडसर। मलयेशिया में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने दो युवकों से दो लाख 60 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
थाना हाफिजगंज के गांव उदरनपुर निवासी फरहान पुत्र रियासत अली ने बताया कि उसकी मुलाकात सिंगारपुर महेवागंज, लखीमपुर खीरी के एक व्यक्ति से हुई थी। उसने बताया कि वह मलयेशिया, सिंगापुर में युवकों की अच्छी वेतन पर नौकरी लगवाते हैं। इस बात पर भरोसा कर फरहान अपने ही गांव निवासी जीशान पुत्र मंसूर अली को भी बता दिया। इसके बाद दोनों मलेशिया जाने की ठान ली। लखनऊ बुलाकर आरोपी ने वीजा बनवाने के लिए दोनों युवकों से दो लाख 60 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद फर्जी बीमा व अन्य दस्तावेज बनवाकर उन्हें सौंप दिया।
वे सिंगापुर के लिए पांच मई को रवाना हुए तो जयपुर एयरपोर्ट पर कर्मचारियों ने उनसे दस्तावेज मांगे। जांच में कागजात फर्जी पाए जाने के बाद कर्मचारियों ने दोनों को विमान से उतार दिया। किसी तरह वे अपने घर पहंचे। उसके अगले दिन फोन कर रुपये लौटाने को कहा, लेकिन आरोपी ने रुपये नहीं दिए। संवाद