बरेली। मानसून से पहले शहर की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने की तैयारी तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से 100 सड़कों पर 25 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे जर्जर सड़कों को नई जिंदगी मिलेगी। काम पूरा होने पर बारिश के दौरान लोगों को गड्ढों और जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
शासन स्तर पर जिन प्रमुख सड़कों के लिए बजट जारी किए गए हैं, उनमें देवरनिया क्षेत्र का सेमीखेड़ा–वसुंधरा मार्ग शामिल है, जिस पर 2.70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग ग्रामीण आबादी को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी प्रकार जुबैदा–जुबंदी मार्ग (जुबैदा-जुबंदी से विलासनगर, भुता तक) के लिए 4.17 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह भुता क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख आवागमन मार्ग है। बाहपुर–नदेली मार्ग के लिए 4.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जो कृषि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की आवाजाही को सुगम बनाता है।
वहीं ईद जागीर से शिव मंदिर मार्ग पर 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यह धार्मिक स्थल तक पहुंच को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी उपयोगी मार्ग है। फरीदापुर मुतलक–खजुरिया मार्ग के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जो दोनों गांवों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। चटिया रहमत अली संपर्क मार्ग पर भी 30 लाख रुपये जारी हुए हैं, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और ग्रामीण कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
इसके अलावा शाहपुर जी सुखराम मार्ग के लिए तीन लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह स्थानीय बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में सहायक है। शारदा नहर से हरपुरा घनश्याम मार्ग पर 7.42 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जो नहर पट्टी क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। वहीं शेरगढ़–खजुरिया संपर्क मार्ग के लिए 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे शेरगढ़ क्षेत्र और आसपास के गांवों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। वहीं स्पेशल मरम्मत वाली 129 सड़कों के लिए भी बजट जारी किया गया है।
...................
वर्जन ...
बारिश से पहले निर्माणाधीन सड़कों की मरम्मत पूरी करा ली जाएगी। जिले की 100 सड़कों के लिए 25 करोड़ रुपये प्राप्त हो गए हैं। इन महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत पूरी होने पर राहगीरों को राहत मिलेगी। - भगत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड।