शाहजहांपुर। छह माह के प्रशिक्षण के बाद बुधवार को आरटीसी पुलिस लाइन में 248 रिक्रूट महिला आरक्षी की पासिंग आउट परेड हुई। पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण राजेंद्र पाल सिंह ने सभी को कर्तव्य और सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। साथ ही यूपी पुलिस को 248 महिला आरक्षी मिल गईं, जिनकी तैनाती विभिन्न जिलों में की जाएगी।
पासिंग आउट परेडकी शुरुआत बुधवार सुबह 10 बजे हुई। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण राजेंद्र पाल ने परेड की सलामी ली। इसके बाद रिक्रूट महिला आरक्षियों ने कदमताल कर परेड निकाली। उन्हें देेखने के लिए उनके अभिभावक, कार्यक्रम के अतिथि व पुलिस कर्मी मौजूद रहे। सभी ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण में आंतरिक व बाह्य विषयों में प्रथम स्थान और सर्वांग सर्वोत्तम स्थान प्राप्त करने वाली रिक्रूट महिला आरक्षियों को शील्ड देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि रिक्रूट महिला आरक्षी किसी पुरुष से पीछे नहीं हैं और न ही खुद को कमजोर समझें। उनमें ऐसी ताकत है, जिससे वह समाज, पुलिस व देश सेवा में योगदान कर सकती हैं। एसपी एस. आनंद ने सभी का आभार जताया। जिला जज सुशील कुमार रस्तोगी, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, सपना मैसी व प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
250 रिक्रूट महिला आरक्षी में 249 ने लिया प्रशिक्षण
पुलिस लाइन में 28 जून से छह माह का प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें 250 रिक्रूट महिला आरक्षी का प्रशिक्षण होना था, जिसमें से 249 ने प्रतिभाग किया। परीक्षा तथा साक्षात्कार के बाद तीन जनवरी को परीक्षा परिणाम घोषित किए। इसमें एक रिक्रूट महिला आरक्षी अनुत्तीर्ण रही। आंतरिक व वाह्य विषयों में प्रथम स्थान व सर्वाग सर्वोत्तम स्थान प्राप्त करने वाली रिक्रूट महिला आरक्षियों अंजू सैनी, काजल, भावना शुक्ला, संगीता शर्मा, श्वेता, संगीता शर्मा, खुशबू, काजल, मेघा, साक्षी, दीक्षा राणा, आरती कौशिक, पायल कोयड़, रिचा, अंजू सेंगर, शालू, स्वाती वर्मा को पुरस्कृत किय।
बेटियों ने बढ़ाया मान, माता-पिता का सीना हुआ चौड़ा
परेड के बाद परिवार से मिलकर सभी महिला रिक्रूटों ने खुशी का इजहार किया, तो कइयों के आंखों में खुशी के आंसू झलक पड़े। शपथ लेने के बाद सभी ने कहा कि उनका मकसद पुलिस और जनता के बीच बेहतर रिश्ते बनाना और महिला सुरक्षा प्रदान करना होगा। बेटियों के सिपाही बनने पर माता-पिता का सीना भी चौड़ा हो गया। उनका कहना था कि बेटियों ने हमारा मान बढ़ाया है और यह भी साबित कर दिया कि वह बेटों से बढ़कर हैं।
आईपीएस बनना चाहती हैं संगीता
अलीगढ़ जिले की खैर तहसील के तहरोई गांव निवासी किसान ओमप्रकाश शर्मा की बेटी संगीता शर्मा ने सर्वांग सर्वोत्तम, आरटीसी, इंडोर और चतुर्थ समूह में चार प्रथम पुरस्कार पाए हैं। संगीता के दिल में जनता की सेवा और उनकी सुरक्षा करने का जज्बा है। उन्हें पुलिस की वर्दी अच्छी लगती है। इसलिए शुरू से ही वर्दी पहनने की ख्वाहिश थी। पहली सीढ़ी मिल गई। आगे आईपीएस बनना है। दो दिसंबर को संगीता ने एसआई की परीक्षा दी है। रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। उनके चाचा दिल्ली पुलिस में हैं।
भावना की मंजिल अभी और भी है
अलीगढ़ के थाना सिविल लाइंस के शशिर महल की रहने वाली 23 वर्ष की भावना शुक्ला को रिक्रूट महिला आरक्षी को प्रथम स्थान मिला। पिता धर्म सिंह शुक्ला खादी भंडार में नौकरी करते हैं। प्रथम स्थान पाने के बाद भावना बेहद खुश हैं। जनता की मदद और उनकी सेवा हर तरह की स्थिति में करते देखा है। पुलिस द्वारा जनता की मदद देखकर ही पुलिस विभाग में आने का ठान लिया था। जीवन में आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी मिली है। आगे वह आईपीएस बनकर जनता की सेवा करना चाहती हैं।
छह महीने के प्रशिक्षण के बाद पुलिस में महिला आरक्षी बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। पुलिस में आकर देश की सेवा करने का सपना पूरा हो गया है। कर्तव्य और सत्य निष्ठा की शपथ को निभाएंगे। - प्रीति, मेरठ
पुलिस में भर्ती होने के लिए बहुत जितनी मेहनत की उसका फल आज मिल गया है। माता-पिता के साथ परिवार में सब खुश हैं। अब थाने में तैनाती का इंतजार है। जिससे लोगों की सेवा कर सकूं। - काजल, गाजियाबाद
मैंने पुलिस में आने के लिए पहले से ही सोच रखा था। जिससे पीड़ितों को न्याय दिला सकूं। एक महिला होने के नाते उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करूंगी। - नेहा पाराशर, अलीगढ़
हमेशा से पुलिस में आने का सपना था। लड़कियां कभी भी किसी मायने में लड़कों से कम नहीं रही, उनको कमजोर समझा जाता रहा है। देश सेवा का संकल्प पूरा करेंगे। - पारुल, मेरठ
शाहजहांपुर पुलिस लाइन में आयोजित परेड में शामिल महिला आरक्षी- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर पुलसि लाइन में पासिंग आउट परेड के बाद एक महिला आरक्षी को प्यार करते उसके माता-पिता- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर पुलिस लाइन में महिला आरक्षी को सम्मानित करते पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण राजेंद्र पा?- फोटो : SHAHJAHANPUR