बरेली। कोरोनो से ग्रसित गंभीर तौर पर बीमार व्यक्तियों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को एक और संक्रमित बुजुर्ग की मौत के साथ जिले में मौतों का आंकड़ा फिर बढ़ा है। वहीं, आईवीआरआई से देर शाम मिली रिपोर्ट में 16 और आठ कारपोरेट लैब से संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमितों को कोविड अस्पतला में सर्विलांस टीम भर्ती कराने समेत उनके संपर्क में आने वालों को ट्रेस कर रही है।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल के मुताबिक धौराटांडा का रहने वाला 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से बीमार था। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां रविवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन और परिजनों को संक्रमित को सुपुर्दे खाक किए जाने के बाबत सूचना दे दी गई है। वहीं, आईवीआरआई से मिली रिपोर्ट में सदर कैंट, बिहारीपुर ढाल के एक-एक व्यक्ति, हजियापुर की एक युवती और एक युवक, चाणक्यपुरी नवाबगंज का एक व्यक्ति, सुरेश शर्मा नगर की छह वर्षीय बच्ची, इफ्को कॉलोनी के तीन व्यक्ति, सीएचसी की तीन महिला स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित मिली हैं। वहीं, कारपोरेट लैब से राजेंद्र नगर जगदीश बिहार के एक बुजुर्ग, भूड का एक युवक, मालियों की पुलिया का एक व्यक्ति, सरदार नगर नवाबगंज का एक युवक, निजी मेडिकल कॉलेज की दो महिला एक युवक, नरकुलागंज का एक युवक, भोजीपुरा की एक महिला, धौराटांडा की एक युवती, फरीदपुर मोहल्ला मिर्धान का एक युवक संक्रमित मिला है। शनिवार को सैंपल लीक होने पर एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम का दोबारा सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। देर रात सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कैंट विधायक के करीबी की रिपोर्ट पॉजिटिव, क्षेत्र में मची खलबली
बरेली। कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के करीबी माने जाने वाले कालीबाड़ी के एक कारोबारी में शनिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक संक्रमित का कैंट विधायक के घर भी आना जाना था। रविवार को जब करीबी के संक्रमित होने की जानकारी लोगों को मिली तो खलबली मच गई। कालीबाड़ी के लोगों के मुताबिक कैंट विधायक के घर आने जाने की वजह से एहतियातन परिवार की भी जांच करानी चाहिए। इस बाबत कुछ लोगों ने कंट्रोल रूम पर कॉल कर सूचना भी दी है।
सात दिन पहले हुई थी शादी, दूल्हा पॉजिटिव
जिला अस्पताल में जांच कराने पहुंचे एक युवक की भी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव मिली है। बताते हैं कि सात दिन पहले युवक की शादी हुई थी। युवक की तबियत खराब होने पर वह जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचा था। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे जिला अस्पताल से एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वहीं, उसके संपर्क में आने वालों को सर्विलांस टीम ट्रेस कर रही है। जिसके बाद शादी में शामिल लोगों का भी सैंपल होगा।