बरेली के इसी मोहल्ले में रहता है कोरोना संक्रमित।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
14 दिन बाद फिर शहर में दहशत, संक्रमित युवक के आठ परिजन क्वारंटीन
बरेली। ब्रह्पुरा में कोरोना संक्रमित मां-बेटे के मिलने के अब दो सप्ताह बाद शुक्रवार शाम आईवीआरआई से आई रिपोर्ट में मुंबई से दो दिन पहले लौटे बिहारीपुर निवासी युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके आठ परिजन को क्वारंटीन कर दिया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि बिहारीपुर करोलान का युवक मुंबई में काम करता था। 13 मई को वह भाई के साथ बरेली लौटा था। दोनों भाई सीधे तीन सौ बेड के अस्पताल पहुंचे जहां उनकी स्क्रीनिंग की गई और दोनों का सैंपल लेकर जांच के लिए आईवीआरआई भेजा गया था। रिपोर्ट में एक युवक संक्रमित निकला। निगेटिव मिले युवक को होम क्वारंटीन किया है जबकि संक्रमित को बिथरी चैनपुर स्थित कोविड-19 लेवल वन अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों को तलाश की जा रही है। इधर, मीरगंज के खानपुरा और सिरौली के मोहल्ला प्यास को हॉटस्पॉट घोषित होने के बाद सील कर दिया गया है। प्रशासन ने 400 मीटर के दायरे में बांस-बल्लियां लगाकर लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है।