बरेली। शहर में आज यानी रविवार को 16 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच नीट (नेशनल एलिजिबिलटी कम एंट्रेंस टेस्ट) की परीक्षा होगी। इसमें करीब 12 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस बार यह परीक्षा कराने की जिम्मेदारी एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) को सौंपी गई है। परीक्षा के दौरान गड़बड़ी पकड़ने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बरेली में नीट की परीक्षा के लिए जीआरएम, डीपीएस, एसआर इंटरनेशनल, आर्मी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय जेएलए, जेआरसी, सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट और केसीएमटी समेत 16 कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोपहर दो बजे से पांच बजे के बीच होने वाली परीक्षा में करीब 12 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का कोआर्डिनेटर आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एसके सक्सेना को बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर दो बजे से होने वाले पेपर के लिए साढ़े 12 बजे से प्रवेश शुरू हो जाएगा और परीक्षा से आधा घंटे पहले यानी डेढ़ बजे प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
सिर्फ एक बार जा सकेंगे टॉयलेट
कड़ी सुरक्षा के चलते गेट पर तलाशी के बाद परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों को सिर्फ एक बार ही टॉयलेट जाने का मौका मिलेगा। वहीं, परीक्षा से आधा घंटा पहले यानी साढ़े चार बजे के बाद इसकी भी अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
- मोबाइल, बेल्ट, पर्स समेत सभी डिजिटल डिवाइस निषेध
- जूता, हाई हील एवं पूरी आस्तीन की शर्ट नहीं चलेगी
- फोटो युक्त एडमिट कार्ड एवं फोटो साथ ले जाना होगा।
- निरीक्षकों को भी मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइडस की अनुमति नहीं
- सभी तरह का रफ काम टेस्ट बुकलेट पर ही करना होगा, ओएमआर शीट पर रफ काम नहीं कर सकेंगे
- अटेंडेस सीट पर दो बार हस्ताक्षर करने होंगे