बरेली। शहर के बाजारों में पार्किंग का बंदोबस्त न होने और सड़क किनारे कार खड़ी करने पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। शनिवार को उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने एसपी ट्रैफिक को ज्ञापन देकर बाजार में पार्किंग सुविधा दिलाने की मांग की। कहा कि स्मार्ट सिटी में पार्किंग न होने से व्यापारी और जनता परेशान हैं, जब तक पार्किंग न दिलाई जाए तब तक सड़क किनारे खड़े वाहनों को उठाकर लाने की कार्रवाई बंद हो।
संगठन के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना के नेतृत्व में कई व्यापारियों ने एसपी ट्रैफिक से उनके कार्यालय में मुलाकात की। कहा कि स्मार्ट सिटी होने के बाद भी शहर में वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं है। चौपुला से पटेल चौक और नावल्टी चौराहे तक डिवाइडर के दोनों ओर वाहन पार्किंग हो सकती है पर पुलिस की मिलीभगत से वहां ठेले, फड़ वालों ने कब्जा जमा लिया है। जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने कहा कि शहर में कहीं पार्किंग जोन और नो पार्किंग जोन के बोर्ड भी नहीं लगे हैं। प्रदेश महामंत्री गौतम प्रकाश ने कहा कि अक्सर दो मिनट को किसी दुकान पर आए ग्राहक की कार उसके सामने ही क्रेन उठा ले जाती है। ऐसे मामलों में आधा जुर्माना वसूल करके वाहन वहीं छोड़ दिया जाए। जो लोग मौके पर न हों, उनकी कार क्रेन से हटा ली जाए। एसपी ट्रैफिक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह एसएसपी से इस बारे में चर्चा करके कोई निष्कर्ष निकालेंगे।
ये व्यापारी थे साथ
अमरजीत बख्शी, जतिन अरोड़ा, आशु तायल, आलोक अग्रवाल, शोएब खान, शिवम यादव, गौतम सक्सेना, हरीश अरोड़ा और देवेंद्र जोशी आदि।
पार्किंग की व्यवस्था कराने का काम पुलिस का नहीं है। इसके लिए व्यापारियों को जिला प्रशासन व नगर निगम से संपर्क करना चाहिए। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होने से जनता को निकलने में असुविधा होती है। इसलिए वाहनों को उठाने की कार्रवाई की जाती है। कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार भी हो रहा है। -सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक