बरेली। रेलवे के आलमनगर से रोजा सेक्शन में अपलाइन पर काम के लिए रविवार को मेगा ब्लॉक के दौरान ट्रेनों की रफ्तार थम गई। कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से बरेली आईं। मुसाफिरों को जंक्शन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
त्रिवेणी एक्सप्रेस और मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच अवध आसाम एक्सप्रेस गुजरने के बाद संबंधित हिस्से को ब्लॉक लिया गया। सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर भी शाहजहांपुर से रोजा के बीच नहीं चली। जम्मूतवी एक्सप्रेस लखनऊ डिवीजन में तीस मिनट रोकी गई। इसके अलावा मोरध्वज एक्सप्रेस करीब छह घंटा देरी से रवाना हुई। बरेली जंक्शन पर सुबह दस बजे आने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस डेढ़ बजे आई तो सवा 11 पर आने वाली कुंभ सवा बजे यहां पहुंची। कई ट्रेनों को देरी से चलाया गया। कुछ को रास्ते में रोका गया। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, गुवाहाटी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस देरी से पहुंची। ब्लॉक तिलहर से बरेली और रोजा से आलमनगर के बीच रहा। इस दौरान रेलवे ने रेल ट्रैक, ओएचई मेंटिनेंस के साथ स्लीपर बदलने के काम को पूरा किया। इन्क्वायरी बोर्ड पर ट्रेनों के विलंब का सही समय न दर्ज किए जाने पर यात्रियों ने नाराजगी भी जताई।
शहीद एक्सप्रेस, डुप्लीकेट पंजाब मेल निरस्त
रविवार को शहीद एक्सप्रेस के साथ डुप्लीकेट पंजाब मेल को निरस्त कर दिया गया। दोनों ट्रेनों के निरस्त होने पर यात्रियों ने रिजर्वेशन को रिफंड कराया। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेल अधिकारियों ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस को 15 अप्रैल तक के लिए निरस्त किया गया है।
साढ़े चार महीने बाद जनता एक्सप्रेस बहाल
वाराणसी-देहरादून के बीच चलने वाली जनता एक्सप्रेस का संचालन रेलवे ने बहाल कर दिया है। इस ट्रेन को 15 नवंबर 2018 से 15 फरवरी 2019 तक कोहरे की वजह से निरस्त किया गया था। आठ जोड़ी रद्द चल रहीं ट्रेनों का संचालन 16 अप्रैल तक शुरू करने की बात कही जा रही है।
अप लाइन पर मेला ब्लॉक की वजह से कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया गया। दो दिन के अलग-अलग रेल सेक्शन में अलग-अलग समय पर ब्लॉक के दौरान मेंटिनेंस और स्लीपर बदलने का काम पूरा किया गया है। ज्यादातर काम पूरा हो गया है। मेगा ब्लॉक से करीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। -प्रभाष राघव, डीओएम