बरेली। सीडीओ द्वारा गोद लिए स्कूल में गड़बड़ियां मिलने पर उन्हें स्कूल से हटाते हुए वेतन रोक दिया गया है। सीडीओ सत्येंद्र कुमार के निरीक्षण में स्कूल में गंदगी और बच्चे कम मिले थे।
सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय एनई रेलवे को गोद ले रखा है। 16 जनवरी को वह स्कूल में औचक निरीक्षण पर पहुंचे तो वहां काफी गंदगी मिली। सारे बच्चे न तो स्वेटर पहने थे और न ही जूते-मोजे। सीडीओ ने प्रधानाध्यापक आमिर अली से कार्ययोजना के बारे में पूछा तो वह भी नहीं बता सके। इस पर सीडीओ ने बीएसए तनुजा त्रिपाठी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर शिक्षा अधिकारी देवेश राय ने प्राथमिक विद्यालय एनई रेलवे के प्रधानाध्यापक आमिर अली को वहां से हटाकर प्राथमिक विद्यालय अनाथालय भेजा है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय अनाथालय के प्रधानाचार्य सतीश चंद्र को वहां की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही आमिर अली का वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए हैं।