बरेली। भ्रष्टाचार और अराजकता के लिए बदनाम होते जा रहे बरेली कॉलेज में अब तक छात्रों की अनुशासनहीनता के ही मामले गूंजते थे, लेकिन रूटा के चुनाव को लेकर बढ़ते मनमुटाव के बीच शुक्रवार को शिक्षक भी आपस में भिड़ गए। छात्रों के सामने ही गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. स्वदेश सिंह और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. टीएस चौहान के बीच जमकर गालीगलौज और हाथापाई हुई। डॉ. चौहान का आरोप था कि डॉ. स्वदेश के विभागाध्यक्ष होने का फायदा उठाकर उनकी पत्नी डॉ. पूनम रजिस्टर पर फर्जी हाजिरी दर्ज कर देती हैं। प्राचार्य के पहुंचने के बाद विवाद शांत हुआ। प्राचार्य का कहना है कि छात्रों के सामने तमाशा बनने वाले दोनों शिक्षकों का जवाबतलब किया जाएगा।
बरेली कॉलेज में डॉ. स्वदेश सिंह गणित विभाग के हेड हैं। उनकी पत्नी डॉ. पूनम भी इसी विभाग में शिक्षक हैं। रूटा चुनाव को लेकर डॉ. स्वदेश सिंह का विभाग के ही डॉ. पवन शर्मा और डॉ. टीएस चौहान से विवाद चल रहा है। डॉ. शर्मा और डॉ. चौहान का आरोप है कि डॉ. स्वेदश सिंह की पत्नी नियमित पढ़ाने नहीं आती। अक्सर दो या तीन दिन बाद आती हैं और रजिस्टर पर अपनी पूरी हाजिरी दर्ज कर देती हैं। शुक्रवार को भी वह कई दिन बाद आई और पीछे के दिनों की भी हाजिरी लगा दी। आरोप है कि विवाद तब शुरू हुआ जब डॉ. स्वदेश सिंह ने शिक्षकों के सामने ही चपरासी से कहा कि अगर कोई हाजिरी रजिस्टर मांगे तो उसे डंडे से मारो। इतना मारो कि डंडा टूट जाए। इसी दौरान डॉ. टीएस चौहान पहुंचे और फिर विवाद शुरू हो गया। दोनों गुटों में पहले जमकर गालीगलौज और फिर हाथापाई होने लगी। बाकी शिक्षक बीचबचाव करते रहे, फिर भी दोनों नहीं माने। प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा और चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा मौके पर पहुंचीं तब कहीं बमुश्किल दोनों गुटों को शांत किया जा सका। भारी संख्या में छात्र भी इकट्ठे हो गए।
गणित विभाग में विवाद की सूचना मिली थी। मैं वहां गया और दो पक्षों को शांत कराया। शिक्षकों को अपनी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। अब दोनों से पूछा जाएगा कि आखिर विवाद क्यों हुआ। -डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य
व्यवस्था है कि 12-1 के बीच रजिस्टर बाहर निकाला जाएगा। कुछ शिक्षक इसमें छेड़छाड़ करते हैं। इसलिए मना किया गया। कुछ शिक्षकों को यह नागवार गुजरा और उन्होंने विवाद किया। मैंने डंडे मारने की बात नहीं कही। -डॉ. स्वदेश सिंह, विभागाध्यक्ष गणित विभाग
जब मैं विभाग में पहुंचा तो विभागाध्यक्ष चपरासी से कह रहे थे कि जो भी हाजिरी रजिस्टर से छेड़छाड़ करे उसके डंडे मारो, और इन शिक्षकों को डंडे मार-मार कर सही कर दो। जब मैंने डंडे वाली बात पूछी तो स्वेदश सिंह गाली देने लगे। - डॉ. टीएस चौहान, एसोसिएट प्रोफेसर