बरेली। कुतुबखाना जैसे व्यस्त बाजार पर फ्लाईओवर बनाने की उम्मीद एक बार फिर जगने लगी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर मेयर उमेश गौतम फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भेजते हैं तो उसे हर हाल में स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेयर और भी विकास कार्यों के जो प्रस्ताव भेजेंगे, उन्हें भी पूरा कराया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में कुतुबखाना पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण पर जब उनसे पत्रकारों ने सवाल दागा तो केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार व्यस्त बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रयासरत है। अगर कोई प्रस्ताव इस तरह का आता है तो उसे पूरा कराया जाएगा। यह बताने पर कि मेयर उमेश गौतम शहर के व्यस्ततम बाजार कुतुबखाना में फ्लाईओवर बनवाना चाहते हैं तो डिप्टी सीएम ने तुरंत मेयर को बुलाया और कहा कि वह अभी प्रस्ताव दें। कुतुबखाना पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि मेयर गौतम शहर के विकास के लिए जो भी प्रस्ताव सौंपेंगे उसे मंजूर कराया जाएगा।
फ्लाईओवर के लिए हो चुका है सर्वे
मेयर ने कुतुबखाना बाजार में जाम से होने वाली किचकिच से बचने और आवागमन दुरुस्त करने के लिए फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट तैयार कराया था। इसमें यह भी व्यवस्था की गई कि जिला अस्पताल में भी फ्लाईओवर का एक रास्ता उतरे। मेयर ने सेतु निगम से इसका सर्वे कराया तो इकाई-दो ने निगेटिव रिपोर्ट दे दी। इसके बाद उन्होंने श्यामगंज फ्लाईओवर प्रोजेक्ट पूरा करने वाली टीम बुलाई और इकाई-3 से दोबारा सर्वे करने को कहा। इसके प्रभारी एसके गर्ग ने एक निजी फर्म से डिजिटल सर्वे कराया। इसमें कुमार सिनेमा से लेकर कोहाड़ापीर तक पर्याप्त जगह बताई गई जो मानक के अनुरूप थी, लेकिन इसके बाद बजट आड़े आ गया। मेयर ने शासन को इस फ्लाईओवर को स्वीकृत करने के लिए पत्र भी भेज दिए हैं।