बरेली। अप लाइन पर मेगा ब्लॉक ने ट्रेनों की रफ्तार को दिन भर रोके रखा जिससे यात्री बुरी तरह परेशान हुए। जंक्शन के प्लेटफार्म दो, तीन और चार पर लगभग पूरे दिन सन्नाटा छाया रहा।
आलमनगर से सुबह नौ बजे ब्लाक शुरू हुआ और बरेली की ओर आने वाली ट्रेनों को चारबाग स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इस वजह से सुबह से शाम तक जंक्शन पर सन्नाटा छाया रहा। प्रमुख प्लेटफार्मों पर भी इक्का-दुक्का यात्री दिखाई दिए। वेंडर भी खाली बैठे रहे। दोपहर 1.17 बजे बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस प्लेटफार्म चार पर पहुंची तो उसी पर वेंडर टूट पड़े। कुछ देर को प्लेटफार्म पर चहलपहल दिखाई दी, लेकिन इसके बाद फिर सन्नाटा छा गया। रविवार को इंजीनियरिंग अनुभाग ने अप लाइन पर आलमनगर से शाहजहांपुर सेक्शन में सुबह 8:50 से 1:50, शाहजहांपुर-बरेली सेक्शन में सुबह 11:05 से शाम 4:05 बजे और बरेली-मुरादाबाद सेक्शन पर सुबह 11:30 से शाम के 4:30 बजे तक के लिए ब्लॉक लेकर पटरियां बदलने का काम शुरू किया। घंटों खड़ी रहने के बाद भी जब धीमी गति से ट्रेनें चलीं तो यात्री ऊब गए। ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों को स्टेशनों पर भी रोक दिया गया। ब्लॉक के चलते त्रिवेणी एक्सप्रेस आठ, किसान एक्सप्रेस दो, सियालदह एक्सप्रेस दो और राज्यरानी एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इन ट्रेनों को रोजा, मसीत, बेहटा गोकुल, आंझी शाहबाद पर रोक दिया गया। रास्ते में फंसे यात्री रेलवे की व्यवस्था को कोसते रहे।
राज्यरानी के जाते ही डाउन लाइन पर शुरू होगा ब्लॉक, 2.40 पर चलेगी त्रिवेणी
सोमवार को राज्यरानी एक्सप्रेस गुजरने के बाद डाउन लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। राज्यरानी एक्सप्रेस सुबह 9.10 बजे जंक्शन पहुंचती है। इसके बाद मुरादाबाद-बरेली सेक्शन पर ब्लॉक लिया जाएगा। जंक्शन से दोपहर 12.10 बजे चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस 2.40 बजे चलेगी। इंजीनियरिंग अनुभाग के सूत्रों के मुताबिक मुरादाबाद-रामपुर सेक्शन पर सुबह 9.20 से दोहपर 1.20, रामपुर-बरेली सुबह नौ से दो बजे, बरेली-रोजा 9.45 से 2.45 तक और रोजा से आलमनगर 10.40 से 14.40 तक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान गुवाहाटी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, हिमगिरि एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस चार घंटे और गरीब रथ एक्सप्रेस 2.30 घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेगी।