बरेली। आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्य के सवाल पर केंद्र सरकार ने बताया है कि आयुष्मान भारत योजना से बरेली में 209, शाहजहांपुर में 24 और बदायूं में 14 निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। सांसद ने कहा कि बदायूं और शाहजहांपुर जैसे जिलों में सूचीबद्ध अस्पताल की संख्या बेहद कम है, यह स्थिति चिंताजनक है।
सपा सांसद ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में पूछा था कि आयुष्मान भारत योजना से कितने निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। उनके प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक देश भर में 15,733 और उत्तर प्रदेश में 1,591 निजी अस्पताल आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध हैं। इनमें से 7,247 अस्पताल केवल जनवरी 2023 से दिसंबर 2025 के बीच जोड़े गए। सरकार ने यह भी बताया कि सितंबर 2018 में योजना शुरू होने के बाद से 31 दिसंबर 2025 तक 11.22 करोड़ लोग अस्पताल में भर्ती हुए, जिनमें लगभग 49 प्रतिशत महिलाएं थीं। सरकार ने बताया कि देश भर में 85.48 करोड़ आभा एकाउंट बनाए जा चुके हैं।
सांसद ने कहा कि केवल खाते बन जाना पर्याप्त नहीं है, असली चुनौती गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज सुनिश्चित करने की है। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में समान पहुंच, पारदर्शिता और इलाज की वास्तविक उपलब्धता पर सरकार का जवाब अधूरा है। जरूरत है कि सरकार योजना की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करे कि आयुष्मान भारत का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद मरीजों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। सांसद ने कहा कि हाल ही में बरेली के चार निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड संबंधी फर्जीवाड़े और देशभर में सूचीबद्ध 15,733 निजी अस्पतालों में सिर्फ डायलिसिस सेंटर व आंखों के उपचार के कितने केंद्र हैं, इसकी भी जानकारी उन्होंने सरकार से चाही है। ब्यूरो