बरेली। पोलिंग बूथ पर मतदान के वक्त कोई भी मतदाता सेल्फी न ले सके, इसके लिए सुरक्षा में लगे कर्मचारियों को खास तौर से सतर्क किया गया है। इसके लिए पोलिंग बूथ पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की अच्छी तरह तलाशी लेते हुए यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं कि वे अपने साथ मोबाइल लेकर मतदान न कर सकें।
निर्वाचन में लगे अधिकारियों ने इस पर खास फोकस किया है कि चुनाव आयोग ने इस पर चिंता व्यक्त की है कि पहले और दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगहों पर मतदाताओं को प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल लेकर बूथ के अंदर जाने दिया गया, बल्कि वोटरों ने मतदान के दौरान सेल्फी और वीडियो तक बनाई है। ऐसे फोटोग्राफ और वीडियो भी वायरल हुए हैं। पुलिस लाइंस में मतदान तैयारियां संबंधी जानकारी देने के दौरान प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने निर्देशित किया कि इस तरह की किसी तरह की कोई लापरवाही यहां नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बूथ पर मतदाताओं की तलाशी लेने के दौरान ये सुनिश्चित कर लें कि उनके पास मोबाइल तो नहीं है। इसके अलावा बूथ के अंदर किसी मतदाता को शस्त्र और माचिस ले जाने की भी इजाजत नहीं है।