बरेली। चौपुला फ्लाईओवर का काम शुरू करने के लिए सेतु निगम के अधिकारी डिवाइडर से एक तरफ की सड़क बंद कर देंगे, जबकि दूसरी साइड जिस ओर रोड खुली रहेगी, वहां से वाहनों का आवागमन आसानी से होता रहे, इसके लिए बीच में सीमेंट के डिवाइडर लगाए जाएंगे। हालांकि इससे रोड काफी संकरी हो जाएगी। इसे देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन चौकी चौराहा होते हुए किया जाएगा। सेतु निगम का स्टाफ शनिवार को सीमेंट के डिवाइडर बनाने की तैयारी करता रहा। अधिकारियों का दावा है कि रूट डायवर्जन के साथ ही सोमवार से पुल निर्माण का काम जोरशोर से शुरू हो जाएगा।
सेतु निगम और ट्रैफिक पुलिस के अफसर इस फ्लाईओवर का काम शुरू करने से पहले ट्रैफिक को लेकर काफी होमवर्क कर रहे हैं। पहले यह तय हुआ था कि चौपुला से अयूब खां की तरफ जिस जगह जितनी दूरी तक फ्लाईओवर बनाया जा रहा है वहां तक डिवाइडर से एक ओर रोड का हिस्सा बंद हो जाएगा। दूसरी तरफ सड़क से आवागमन होगा। इसे लेकर एक और निर्णय लिया गया है कि डिवाइडर की एक तरफ जो रोड खुली रहेगी। उस तरफ जाम न लगे इसके लिए वहां भी सीमेंट के डिवाइडर लगेंगे।
शनिवार को इसे लगाने की तैयारी भी शुरू हो गई। हालांकि ये डिवाइडर बन जाने के बाद रोड संकरी हो जाएगी। इससे वहां रोडवेज बसों के निकलने से जाम की दिक्कत पैदा हो सकती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक के डायवर्जन की यह रणनीति तैयार हुई है कि डिवाइडर लगने के बाद पुराने रोडवेज की तरफ जाने वाली बसें अयूब खां से चौकी चौराहा होते हुए फिर चौपुला की तरफ आएंगी। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार तक डिवाइडर का काम पूरा होने के साथ ही पुल का निर्माण भी शुरू करा दिया जाएगा।
पुल निर्माण में देरी से मशीनों का लाखों रुपये का किराया बर्बाद
चौपुला पुल का काम शुरू करने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों ने निर्माण कार्य में लगने वाली काफी महंगी मशीनों को मंगवाया था। आमतौर पर मशीनों को ठेके पर लाया जाता है, लेकिन सेतु निगम के अधिकारियों ने इस पुल के लिए मशीनें किराए पर मंगवाई हैं। सूत्र बताते हैं कि ये मशीनें करीब दो हफ्ते पहले ही आ गई थीं, लेकिन उनसे काम नहीं लिया जा रहा, जिससे मशीनों की एवज में दिया जा रहा लाखों रुपये का किराया बेकार जा रहा है। इस पर निगम के उच्चाधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
रूट डायवर्जन को लेकर रणनीति तैयार हो गई है। रोडवेज बसें अयूब खां से चौकी चौराहे की तरफ से चौपुला तक पहुंचेंगी। सोमवार से पुल का काम शुरू करा दिया जाएगा।
- वीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम